उदयपुर,(ARLive news)। जिले के सवीना थाना क्षेत्र के इंडियन ऑयल डिपो के पास डेयरी चालक के साथ दिनदहाड़े 70 हजार की लूट हुई है। बदमाश बाइक पर आए, दूध की टंकियां लेकर जा रहे डेयरी के चालक को जबरन रोका और चाकू दिखाकर उससे 70 हजार रूपए लूट लिए।
खासबात है कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इस तरह से लूट करना बदमाशों के लिए आम होता जा रहा है। कुछ दिनों पहले सुखेर थाना क्षेत्र के डीपीएस स्कूल के पास रोड पर एक युवक से इसी तरह बाइक पर आए दो बदमाशों ने चाकू दिखाकर 10 हजार रूपए की लूट की थी, यह युवक कोरोना लाॅकडाउन खत्म होने के बाद मिले वेतन के पैसे लेकर बड़ी उम्मीदों से घर जा रहा था।
पीड़ित ने बताया कि वह डेयरी के दूध कंटेनर लेकर जा रहा था और जहां-जहां सप्लाई करता है, वहां से पेमेंट भी इकट्ठा किया हुआ था। उसके पास करीब 70 हजार रूपए थे। इंडियन ऑयल डिपो के पास काले रंग की बाइक पर आए दो युवकों ने जबरने उसके पास आकर गाड़ी साइड में रूकवाई। पहले को डेयरी की गाड़ी का चालक कुछ समझ ही पाया और उसने वाहन रोक दिया और नीचे उतरा। वह जैसे ही नीचे उतरा, बाइक सवार युवकों ने उसे चाकू दिखाया, जान से मारने की धमकी दी और उसके पास रखे 70 हजार रूपए लूट कर फरार हो गए।

