जयपुर,(ARLive news)। राजस्थान सियासी संग्राम के बीच बसपा के 6 विधायकों के कांग्रेस में विलय मामले में हाईकोर्ट ने फैसला सुनाया। कोर्ट ने कहा है कि विधायकों को नोटिस जारी किए जाएंगे। जैसलमेर जिला जज 8 अगस्त तक नोटिसों की तामील कराएंगे। इसके लिए जैसलमेर जिला जज एसपी की मदद ले सकेंगे। चूंकि कांग्रेस के सभी विधायक जैसलमेर में हैं। बसपा से 6 विधायक भी उनमें शामिल हैं। इस कारण जैसलमेर और बाड़मेर के अखबारों में नोटिस पब्लिश किया जाएगा।
मामले में भाजपा विधायक मदन दिलावर और बसपा ने हाईकोर्ट की डबल बेंच में अपील की थी। बसपा ने अपील की है कि जब तक मामला कोर्ट में है, तब तक इन 6 विधायकों को फ्लोर टेस्ट में किसी के पक्ष में वोट नहीं डालने दिया जाए।
हाईकोर्ट की खंडपीठ ने अपील को निस्तारित किया। सीजे इंद्रजीत महान्ति की खंडपीठ ने कहा कि 6 विधायकों के कांग्रेस में शामिल होने और विधानसभा अध्यक्ष की मंजूरी के आदेश को एकलपीठ में चुनौती दे रखी है। इसलिए अब एकलपीठ में इस मामले की सुनवाई 11 अगस्त को होगी।
गौरतलब है कि कोर्ट ने बुद्धवार को हुई सुनवाई में विधानसभा स्पीकर, सचिव और बसपा के 6 विधायकों से गुरुवार सुनवाई तक जवाब मांगा था।

