Site iconSite icon AR Live News

मनोज सिन्हा बने जम्मू-कश्मीर के नए उप राज्यपाल, जीसी मुर्मू के इस्तीफे को राष्ट्रपति की मंजूरी

manoj sinha new deputy governor of jammu kashmirmanoj sinha new deputy governor of jammu kashmir

नई दिल्ली,(ARLive news)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज सिन्हा को जम्मू-कश्मीर का नया उपराज्यपाल बनाया गया है। मनोज सिन्हा को जीसी मुर्मू की जगह जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल का दायित्व सौंपा गया है। मुर्मू ने अचानक से बुधवार को इस्तीफा दे दिया था। राष्ट्रपति ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया है। राष्ट्रपति के प्रेस सेक्रेटरी अजय कुमार सिंह ने ये जानकारी दी है।

जीसी मुर्मू ने इस्तीफा ऐसे दिन दिया जब जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद-370 को निरस्त किए जाने का ठीक एक साल पूरा हो रहा था। मुर्मू से पहले जब जम्मू-कश्मीर पूर्ण राज्य था तब सत्यपाल मलिक यहां के राज्यपाल थे, लेकिन जब केंद्र शासित प्रदेश बना तो अधिकारी जीसी मुर्मू को वहां भेजा गया। मनोज सिन्हा मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में रेल राज्य मंत्री रह चुके हैं। मगर पिछले साल वो गाजीपुर से अपनी सीट पर चुनाव हार गए थे।

बता दें कि 60 वर्षीय पूर्व आईएएस अधिकारी गिरीश चंद्र मुर्मू को पिछले वर्ष 29 अक्टूबर को राज्यपाल सत्यपाल मलिक को गोवा भेजे जाने के बाद जम्मू-कश्मीर का उपराज्यपाल बनाया गया था। गुजरात काडर के मुर्मू नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री रहने के दौरान राज्य के मुख्य सचिव रह चुके हैं। गौरतलब है कि पिछले वर्ष 5 अगस्त को भारतीय संसद ने जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म करने के साथ उसे केंद्र शासित प्रदेश बना दिया था। साथ ही, लद्दाख को भी प्रदेश से अलग करके एक अलग केंद्रशासित प्रदेश का दर्जा दिया गया था।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख 31 अक्टूबर से आधिकारिक तौर पर केंद्र शासित प्रदेश बन गए थे। इसके बाद दोनों जगह उपराज्यपालों की नियुक्ति की गई थी। राधा कृष्ण माथुर को लद्दाख का उपराज्यपाल बनाया गया था।

Exit mobile version