Site iconSite icon AR Live News

हिट एंड रन: सेलीब्रेशन मॉल के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति को तेज गति कार ने टक्कर मारी, हुआ फरार, हादसे में घायल की मौत

hit and run case udaipur fast speed car hits a morning walkerhit and run case udaipur fast speed car hits a morning walker

कार वाला पिता जी को हॉस्पिटल ले जाता तो वे बच जाते : मृतक का बेटा

उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर के सेलीब्रेशन मॉल के पास गुरूवार सुबह हिट एंड रन का केस हुआ। एक तेज गति में आयी कार ने मॉर्निंग वॉक पर जा रहे व्यक्ति भुवाणा निवासी भोपाल सिंह (42) को टक्कर मार दी और फरार हो गया। हादसे में भोपाल सिंह की मौत हो गयी।

मॉर्निंग वॉक पर हादसे के समय भोपाल सिंह का बेटा महेन्द्र सिंह भी वहीं मौजूद था। जिसने गाड़ी का पीछा कर गाड़ी नंबर नोट कर लिया और पुलिस को दी एफआईआर में गाड़ी नंबर लिखवाया है।

मामले की जांच कर रहे एएसआई मांगीलाल ने बताया कि मृतक बेमला हाल भुवाणा निवासी भोपाल सिंह के बेटे महेन्द्र सिंह ने RJ-27-CC-9773 के गाड़ी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवायी है। इस गाड़ी के चालक ने तेज गति में आकर उसके पिता को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में घायल भोपाल सिंह की मौत हो गयी। आरटीओ से इस गाड़ी की संपूर्ण डिटेल लेकर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

कार वाला पिता जी को हॉस्पिटल ले जाता तो वे बच जाते

बेटे महेन्द्र सिंह ने बताया कि उसके पिता सेलीब्रेशन मॉल में गार्ड हैं। वे परिवार सहित भुवाणा में किराए पर मकान लेकर रहते हैं। गुरूवार सुबह करीब 4 बजे के बाद वह अपने पिता भोपाल सिंह के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकले। दोनों अपने घर से सेलीब्रेशन मॉल के पास पहुंचे ही थे कि भुवाणा की तरफ से तेज गति में आयी एक कार से पिता को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। साथ में मौजूद महेन्द्र ने पिता को साइड में बैठाकर गाड़ी का आरके सर्किल तक पीछा किया। कार वाला फरार हो गया, इस दौरान महेन्द्र ने उस कार का नंबर नोट कर लिया।

महेन्द्र ने बताया कि सुबह साढ़े चार से पांच का समय था तो कोई वाहन भी नहीं गुजरा, जिससे पिता को अस्पताल ले जाने में तत्काल मदद नहीं मिल सकी। वह कार वाला भी फरार हो गया था, अगर वह कार वाला ही पिता को अस्पताल पहुंचाने में मदद कर देता, तो शायद उनकी जान बच जाती।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल बेसुध को नाले से निकाला

एएसआई मांगीलाल ने बताया कि महेन्द्र घायल पिता भोपाल सिंह को बैठाकर जब उस कार का पीछा करने दौड़ा, इस दौरान घायल भोपाल सिंह बेसुध होकर पास में बने नाले में गिर गए थे। महेन्द्र जब उस जगह लौटा, जहां उसने पिता को बैठाया था तो उसे वहां वो नहीं दिखे। वहां आस-पास देखा तो पिता नाले में बेसुध पड़े थे। इसके बाद एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, भोपाल सिंह को नाले से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Exit mobile version