उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर-राजसमंद सीमा पर स्थित अनंता हॉस्पिटल में स्थापित हुई कोरोना लैब में टेस्टिंग कार्य शुरू हो गया है। राजसमंद कलेक्टर अरविंद पोसवाल, एसपी भुवण भूषण यादव ने अनंता हॉस्पिटल में कोरोना जांच मोलीकुलर लैब का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. जेपी बुनकर और आरके हॉस्पिटल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ललित पुरोहित, हॉस्पिटल प्रबंधन और स्टाफ भी मौजूद रहे।
अनंता हॉस्पिटल के रजिस्ट्रार डॉ. नितिन शर्मा ने बताया कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राजसमंद में इसकी जरूरत थी। अनंता हॉस्पिटल के प्रबंधन और डॉक्टर्स की टीम के प्रयासों से हॉस्पिटल में कोरोना जांच की आरटीपीसीआर मशीन को एनएबीएल से स्वीकृति मिली। इसके बाद राज्य सरकार से भी कोरोना जांच के लिए हॉस्पिटल को अंतिम स्वीकृति मिली। कोरोना जांच लैब शुरू हो गयी है। इसकी प्रतिदिन 280 टेस्ट करने की क्षमता है।
सुरक्षा की दृष्टि से बनाया है सैंपल कलेक्शन बूथ
अनंता इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइसेंस एंड रिसर्च सेंटर की प्राचार्या डॉ. प्रमिला बजाज ने बताया कि हॉस्पिटल में उपचार के लिए भर्ती होने वाले मरीजों की अब कोरोना जांच में कोई दिक्कत नहीं होगी। इससे मरीज भी पूरे भरोसे के साथ यहां उपचार के लिए आ सकेंगे और डॉक्टर व मेडिकल स्टाफ भी पूरी टीम भी बिना किसी डर के मरीजों का उपचार कर सकेंगे।
हॉस्पिटल के डायरेक्टर ऑपरेषन डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से सैंपल कलेक्शन के लिए हॉस्पिटल परिसर में एक अलग क्षेत्र में सैंपल कलेक्षन बूथ बनाया हैं। वहां डॉक्टर्स की टीम उपस्थित रहेगी।

