जोधपुर (ARLive News)। जिले के झंवर थाना क्षेत्र के लूणावास और भांडु के बीच मंगलवार दोपहर 12 बजे के करीब एक लोक परिवहन बस और एसयूवी गाड़ी के बीच भीषण भिङंत में एसयूवी में सवार 2 महिला सहित 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बस और एसयूवी के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि एसयूवी गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
सूचना मिलने पर झंवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। टक्कर में एसयूवी गाड़ी बस के अगले हिस्से के नीचे दब गई, जिस कारण एसयूवी में बैठे ड्राइवर सहित अन्य लोग बुरी तरह फंस गये थे। पुलिस द्वारा मौके पर क्रेन को बुलवाकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए गए।
जानकारी के अनुसार एसयूवी में बैठे लोग अजीत गांव के रहने वाले थे। ये लोग लूणावास से जोधपुर की तरफ आ रहे थे। वहीं बस बाड़मेर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान एसयूवी के अन्य वाहनों को ओवरटेक करने के चक्कर में दोनों वाहनों की आमने सामने की भिड़ंत हो गई।

