नई दिल्ली,(ARLive news)। कांग्रेस में वरिष्ठ नेता और युवा नेता के बीच चल रहे गतिरोध और राजस्थान के सियासी घमासान के बीच राहुल गांधी ने एक बड़ा बयान दिया है। राहुल गांधी ने युवा नेताओं की पार्टी छोड़ने को लेकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि उनके जाने से पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा बल्कि इससे नए नेताओं के लिए अवसर बनेंगे।
उनके इस बयान से लोग कई मायने निकाल रहे हैं। राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि राहुल गांधी के इस बयान से उन बातों पर एक तरह से विराम लग गया है जिनमें कहा जा रहा था कि पार्टी पूर्व उपमुख्यमंत्री को वापस लाने की कोशिश कर रही है।
राहुल गांधी ने शनिवार को पार्टी की छात्र इकाई एनएसयूआई की एक बैठक को संबोधित करते यह बात कही। राहुल ने बेशक किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी टिप्पणी साफतौर पर ज्योतिरादित्य सिंधिया और सचिन पायलट को लेकर थी।

