लद्दाख,(ARLive news)। केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर लद्दाख पहुंचे। राजनाथ सिंह जम्मू-कश्मीर दौरे पर भी जाएंगे। उनके साथ चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) बिपिन रावत और सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे भी हैं। राजनाथ सिंह पैंगोंग लेक के पास लुकुंग पोस्ट पहुंचे और वायुसेना कर्मियों से बातचीत की। इस दौरान पैरा कमांडो ने राजनाथ सिंह के सामने अभ्यास किया और शानदार प्रदर्शन करके दिखाया। राजनाथ सिंह सुबह 11.30 बजे श्रीनगर के लिए रवाना हो जाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक राजनात सिंह LAC पर सुरक्षा का जायजा लेंगे और इस दौरान जवानों से भी बात करेंगे। इससे पहले राजनाथ सिंह जुलाई महीने की शुरुआत में भी लेह दौरे पर आने वाले थे लेकिन अचानक उनकी यात्रा रद्द हो गई थी और प्रधानमंत्री मोदी 3 जुलाई को लेह जिले के नीमू इलाके पहुंचे थे। वास्तविक नियंत्रण रेखा पर भारत और चीन की सेनाओं के बीच 5 मई को हुए गतिरोध के बाद रक्षा मंत्री की यह पहली लद्दाख यात्रा होगी।
बता दें कि हाल ही में भारत-चीन के बीच तनाव कुछ कम हुआ है और दोनों देशों की सेनाएं करीब दो-दो किमी पीछे हट चुकी हैं। भले ही चीनी सेना पीछे हट चुकी है लेकिन फिर भी भारत अलर्ट है और पड़ेसी देश की हर हरकत पर पूरी नजर बनाए हुए है।

