दौसा (ARLive news)। दौसा के मुर्शिद नगर में बुधवार को निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से वहां काम कर रहे 3 मजदूर छत के नीचे दब गए। जिनमें 2 लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार मुर्शीद नगर में अकीली खान नामक व्यक्ति के माकन निर्माण का काम चल रहा था। जहां कुछ दिनों पहले ही मकान की छत डलवाई गई थी,लेकिन ठेकेदार ने मकान की छत को पूरी तरह सूखने से पहले ही छत के नीचे लगे बल्ली फंटे हटवा दी और मकान का आगे का काम शुरू कर दिया। बुधवार को मकान की छत भरभरा कर गिर पड़ी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, नगर परिषद और आसपास के लोग मौके पर पहुंचकर और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
कोतवाल राजेश मीणा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की सहायता से छत का मलवा हटवाने का कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद एक व्यक्ति को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल उस व्यक्ति को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिसके बाद मलबे से दो और लोगों को बाहर निकाला गया, जिन्हें जिला अस्पताल पहुंचाते ही चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

