उदयपुर,(ARLive news)। सायरा वन क्षेत्र के पानेर ग्राम पंचायत में मंगलवार सुबह एक घायल पैंथर सड़क किनारे देखा गया। पैंथर चलने में असक्षम था तो उसी जगह पड़ा रहा। घायल पैंथर को देख ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और पैंथर को रेस्क्यू किया गया।
सायरा क्षेत्रीय वन अधिकारी मानवेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि पानेर ग्राम पंचायत में एक पैंथर के घायल होने और सड़क किनारे पड़े होने की सूचना मिली थी। इस पर पहले निकटतम बरवाड़ा नाके का स्टाफ मौके पर पहुंचा। पैंथर को देखकर स्थानीय टीम ने जिले की रेस्क्यू टीम को सूचना दी। रेस्क्यू टीम गाड़ी लेकर मौके पर पहुंची। पैंथर घायल और बीमार लग रहा था। टीम ने पैंथर को रेस्क्यू किया। उसे अब बायोलॉजिकल पार्क शिफ्ट कर दिया गया है।

