Site iconSite icon AR Live News

क्रेडिट को-ऑपरेटिव घोटाले की जांच कर रहे एसओजी एडि.एसपी ने ADG के नाम से मांगी 2 करोड़ की रिश्वत, ACB में मामला दर्ज

acb lodged fir against sog asp satyapal singh middha in demanding 2 crore bribe from credit co oprative socity fraud investigationacb lodged fir against sog asp satyapal singh middha in demanding 2 crore bribe from credit co oprative socity fraud investigation

जयपुर,(ARLive news)। क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी के करोड़ों के घोटाले की जांच करने वाले राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के एडि.एसपी सत्यपाल मिढ्ढा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) के नाम से 2 करोड़ रूपए की रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) में इस संबंध में एडि.एसपी सत्यपाल मिढ्ढा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू की है।

एसीबी से प्राप्त जानकारी के अनुसार उनके कार्यालय में परिवादी ने रिपोर्ट दी थी कि उनकी एक क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी है। यह सोसायटी सदस्यों और निवेशकों से डिपोजिट लेने और ऋण देने का कार्य करती है। एसओजी में इस सोसायटी के खिलाफ एक शिकायत पर जांच चल रही है।है, जांच एसओजी के निरीक्षक विष्णु खत्री और एडि.एसपी सत्यपाल मिढ्ढा कर रहे हैं। मिढ्ढा सोसायटी के खिलाफ चल रही जांच को खत्म करने और शिकायत पर F.I.R दर्ज नहीं करने की एवज में ADG अनिल पालीवाल के नाम से 2 करोड़ रूपए की रिश्वत मांग रहे हैं।

एसीबी को जब यह शिकायत प्राप्त हुई तो इसका सत्यापन किया गया। सत्यापन में एडि.एसपी सत्यपाल मिढ्ढा के एडीजी अनिल पालीवाल के नाम से 2 करोड़ रूपए रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इस पर एसीबी ने एडि.एसपी सत्यपाल मिढ्ढा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

आदर्श, नवजीवन, संजीवनी क्रेडिट को-ऑपरेटिव और ICICI प्रूडेंशियल की जांच भी एडि.एसपी सत्यपाल मिढ्ढा कर रहे थे

जानकारी के अनुसार आदर्श क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी के खिलाफ करोड़ों रूपए के घोटाले की जांच भी एसओजी एडि.एसपी सत्यपाल मिढ्ढा ही कर रहे थे। इसके बाद एक-एक कर नवजीवन और संजीवनी क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटियों के खिलाफ भी एसओजी में गबन और धोखाधड़ी के मामले दर्ज हुए। सभी में अपराध की मोडस-ऑपरेंडी करीब-करीब एक जैसी होने से सभी की जांच एडि.एसपी सत्यपाल मिढ्ढा को सौंप दी गयी थी। इसके अलावा ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंशोरेंस के खिलाफ भी एसओजी में चल रही जांच की फाइल भी सत्यपाल मिढ्ढा के पास ही थी।

ये सभी करोड़ों रूपए के घोटालों और धोखाधड़ी के मामले हैं। क्रेडिट को-ऑपरेटिव के एक मामले में 2 करोड़ की रिश्वत मांगने का खुलासा होने से एडि.एसपी सत्यपाल मिढ्ढा द्वारा की गयी इन सभी मामलों की जांच पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। सवाल यह भी है कि क्या कोई एडि.एसपी उच्च अधिकारियों की सरपरस्ती के बगैर 2 करोड़ रूपए की रिश्वत मांगने की हिम्मत कर सकते हैं..?

सवाल पुलिस विभाग के डीजीपी से भी हैं…!

  • क्या इन सभी बड़े फाईनेंशियल फ्रॉड मामलों में सत्यपाल मिढ़्ढा द्वारा की गयी जांच पर फिर से एक बार गौर किया जाएगा..?
  • जांच सही की गयी या गलत.., यह चेक करने के लिए क्या इन मामलों की फिर एक बार जांच होगी.?
Exit mobile version