उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर के भींडर कस्बे में एक महिला ने सामान्य प्रसव से 3 जुड़वां बच्चियों को जन्म दिया है। महिला का प्रसव करवाने वाले डॉक्टर्स और नर्सिंग कर्मी भी यह देखकर हैरान हैं। क्यों कि सोनोग्राफी में दो संतानों की मौजूदगी का तो पता चला गया था, लेकिन तीसरी का आगमन सबसे लिए सरप्राइजिंग रहा है। डॉक्टर सुरेन्द्र यादव ने बताया कि प्रसूता और तीनों जुड़वां बच्चियां पूरी तरह स्वस्थ है। भींडर में यह पहला मामला है, जब प्रसूता ने तीन जुड़वां बच्चियों को जन्म दिया हो।
महिला ने सामान्य प्रसव से तीनों बच्चियों को 30 मिनिट में दिया जन्म
यह मामला भीण्डर के गुलाब सिंह शक्तावत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का है। महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेन्द्र यादव ने बताया कि भीण्डर क्षेत्र के नया तालाब, कुंथवास निवासी गोपी बाई पत्नी केशुलाल मीणा मंगलवार सुबह चिकित्सालय आकर भर्ती हुई। जिसके बाद चिकित्सा टीम ने सुबह 8.55 बजे पहली बच्ची का जन्म करवाया। दूसरी बच्ची का जन्म 9.20 बजे हुआ, तीसरी बच्ची का 9.25 पर हुआ। जन्म के बाद टीम ने तीनों बच्चियों का वजन किया गया। जिसमें पहली बच्ची 1.5 किलोग्राम, दूसरी बच्ची 1.4 किलोग्राम व तीसरी बच्ची का 1.3 किलोग्राम की है।
चिकित्सा टीम में डॉ. सुरेन्द्र यादव के नेतृत्व में नर्सिगकर्मी बीना भट्ट, राजमल कटारा, अरविंद व्यास आदि थे। कोरोना काल के दौरान इस प्रवस में चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ की भी बेहद सराहनीय भूमिका रही है। क्यों जहां कोरोना काल में कोई डॉक्टर प्रसूता को बिना कोरोना टेस्ट रिपोर्ट के हाथ लगाने को तैयार नहीं होता है, वहीं इस सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के डॉक्टर और स्टाफ ने सीमित संसाधनों में महिला को न सिर्फ भर्ती किया, बल्कि उसका सुरक्षित प्रसव करवाया।
भींडर में पहला मामला जब एक साथ तीन बच्चों ने जन्म लिया हो
डॉ. सुरेन्द्र यादव ने बताया कि मंगलवार सुबह गोपी बाई को भर्ती किया गया। इनकी पिछले कुछ महीनों से देखरेख भीण्डर चिकित्सालय से हो रही थी। इस दौरान सोनाग्राफी में दो बच्चे होना पाया गया था, लेकिन प्रसव होने पर तीन बच्चियों के जन्म लेने पर हमें भी आश्चर्य हुआ। लेकिन इस प्रसव पीड़ा में गोपी बाई ने पूरी हिम्मत दिखाई। गोपी का भींडर में यह पहला मामला है, जब प्रसूता ने तीन जुड़वां बच्चियों को जन्म दिया हो। इनसे पहले गोपी का एक चार साल का बेटा भी है।

