उदयपुर,(ARLive news)। सुखेर थाना क्षेत्र के चित्रकूट नगर में ईएसआई हॉस्पिटल के पास सूनसान इलाके में 16 वर्षीय किशोर की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गयी है। मृतक किशोर चित्रकूट नगर में रामनगर कच्ची बस्ती निवासी विजय (16) पुत्र अमर चंद ओड़ है। सूचना पर एडिएसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा, थानाधिकारी दुर्गाप्रसाद दाधीच टीम सहित मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने बताया कि विजय के माता-पिता नहीं है, वह रामनगर में दादी के साथ रहता था, पड़ोस में चाचा का परिवार रहता है। कभी-कभी मजदूरी करता था, बाकि देर रात तक घर लौटने, दोस्तों के साथ घूमने का आदि था। बीती रात भर घर नहीं लौटा तो दादी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
आज शुक्रवार सुबह ईएसआई हॉस्पिटल के सामने सड़क किनारे सूनसान जगह पर राहगीरों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना की। पुलिस मौके पर पहुंची। देखा सूनसान प्लॉट के किनारे किशोर की पत्थर से कुचलकर हत्या की हुई थी। मृतक के सिर और चेहरे पर गहरे घाव थे और आस-पास खून बिखरा हुआ था। पुलिस पड़ताल में किशोर की शिनाख्त विजय ओड़ के नाम से हुई।
शातिर आरोपियों ने मृतक के मोबाइल की कॉल लॉग डिलीट कर से सिम निकाली
पुलिस ने बताया कि किशोर की हत्या करने वाले आरोपी बेहद शातिर हैं। किशोर का मौके से एक मोबाइल मिला है, लेकिन उसमें से सभी कॉल डिटेल डिलीट की हुई थीं और मोबाइल में सिम भी नहीं मिली है। मृतक के दोस्तों, साथियों से पूछताछ कर जानकारी जुटायी जा रही है।

