उदयपुर,(ARLive news)। आयुर्वेद विभाग की ओर से आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2020 के पोस्टर का विमोचन किया गया है। योग दिवस को लेकर उदयपुर में तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। इस बार “योम@होम” मतलब कि सभी लोग अपने-अपने घरों पर रहकर योग करेंगे।
वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. शोभालाल औदीच्य ने बताया कि भारत सरकार के आयुष मंत्रालय की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार इस बार योग एट द होम ही किया जाएगा। कोरोना महामारी के दृष्टिगत घर पर रहकर योगाभ्यास करने का निर्णय किया गया है। आमजन को योग के विभिन्न आयामों के रूबरू कराने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे है। इसके तहत वीडियो, जिंगल्स एवं पोस्टर्स आदि के माध्यम से योग व प्राणायाम के विभिन्न आयाम लोगों तक पहुंचाए जाएंगे। साथ ही लोगों पर घर पर योग व प्राणायाम के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करने एवं योग संबंधी वीडियो अधिक से अधिक शेयर करने का सुझाव दिया गया है।
पोस्टर का विमोचन अवसर पर आयुर्वेद विभाग के सहायक निदेशक डॉ. राजीव भट्ट, योग संयोजक डॉ. महेश गुप्ता, वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. शोभालाल औदीच्य आदि मौजूद थे।

