उदयपुर,(ARLive news)। सवीना थाना पुलिस ने मॉर्निंग वॉक करने वाले ग्रुप पर जान लेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी चिराग जैन को गिरफ्तार कर लिया है। खासबात है कि पुलिस ने चिराग के कब्जे से 13 किलो 280 ग्राम गांजा भी बरामद किया है। मतलब कि मॉर्निंग वॉक करने वाले ग्रुप पर जानलेवा हमला करने वाला मादक पदार्थों का तस्कर निकला है।
इसके हौंसले इतने बुलंद थे कि लोगों पर जान लेवा हमला करने के बाद भी यह क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में गांजा लेकर बेखौफ घूम रहा था।
थानाधिकारी संजीव स्वामी ने बताया कि प्रेम नगर, सवीना निवासी चिराग जैन पुत्र अजीत प्रकाश को गिरफ्तार किया है। मुखबीर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति होटल मनवार के आस-पास एक कट्टा लेकर खड़ा है। उसके पास कट्टे में गांजा है, जिसे वह बेचने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी। सूचना के अनुसार मौके पर चिराग जैन मिला, पुलिस ने उसके कब्जे से एक कट्टा बरामद किया, चेक करने पर कट्टे में 13 किलो 280 ग्राम गांजा मिला। पड़ताल में पता चला कि यह चिराग जैन वही है, जिसने सुबह मॉर्निंग वॉक करने गए ग्रुप पर जानलेवा हमला किया था।
आरोपियों की गिरफ्तारी में हेडकांस्टेबल सुनील विश्नोई, वसनाराम, लालचंद, जितेन्द्र कुमार, कांस्टेबल मुकेश कुमार, भगवतीलाल, नरेश कुमार और ईश्वरलाल की टीम की मुख्य भूमिका रही है।

