इस लापरवाही से युवक की अब 4 माह की बच्ची भी कोरोना संक्रमित
भीलवाड़ा(ARLive news)। भीलवाड़ा में हॉस्पिटल प्रबंधन की एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। एक युवक की पहली रिपोर्ट निगेटिव आयी तो उसे संस्थागत क्वारैंटाइन से घर भेज दिया,तीन दिन बाद ही दोबारा सैंपल में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव बताई गई है। अब पिता के साथ उसकी चार महीने की बेटी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
चिकित्सा विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सहाड़ा क्षेत्र के डियास निवासी 31 साल का युवक 12 मई को ट्रक में सवार होकर परिवार के सदस्यों के साथ मुंबई से गांव पहुंचा था। 13 मई को युवक का सैंपल लेकर उसे तीन दिन तक भीलवाड़ा शहर के माहेश्वरी भवन में क्वारैंटाइन रखा था।
16 मई को रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उसे होम क्वारैंटाइन के लिए घर भेज दिया गया था। 17 मई को युवक के साथ आये अन्य व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसके परिवार के 10 सदस्यों की दोबारा जांच करवाई गई। इनमें युवक और उसकी चार महीने की बेटी की रिपोर्ट पॉजिटिव है। इसी के साथ जिले में कोरोना पॉजिटिव रोगियों की संख्या बढ़कर 84 हो गई है।

