Site iconSite icon AR Live News

कलेक्टर ने कहा पॉजिटिव केस की संख्या से घबराएं नहीं, 90 प्रतिशत एक ही क्षेत्र से हैं

udaipur collector or sp or cmho on corona positive cases (1)udaipur collector or sp or cmho on corona positive cases (1)

उदयपुर,(ARLive news)। जिले में कोरोना संक्रमितों की बढ़ रही संख्या को देखते हुए शुक्रवार को कलेक्टर आनंदी, एसपी कैलाश चन्द विश्नोई और सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने प्रेस वार्ता की। कलेक्टर आनंदी ने कहा कि शहरवासियों को कोरोना संक्रमितों की संख्या देखकर घबराने की जरूरत नहीं हैं। 90 प्रतिशत संक्रमित एक ही क्षेत्र कांजी का हाटा और आस-पास के मौहल्लों-गलियों से हैं। इस दौरान एक अच्छा ट्रेंड देखने में आया है, कि 50 साल से कम उम्र के जो संक्रमित लोग हैं, उनके 4 से 5 दिन में ही नेगेटिव रिपोर्ट आ रही है। मतलब वे तेजी से ठीक हो रहे हैं और 50 साल से अधिक उम्र के लोगों की रिपोर्ट भी नेगेटिव आ रही है।

कलेक्टर आनंदी ने कहा हमें 15 दिन का समय दीजिए। संक्रमण नहीं फैले, इसलिए ही कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। हमारा मानना है कि 15 दिन में स्थिति नियंत्रण में हो जाएगी। अभी हो सकता है कि केस और बढ़ें, क्यों कि हम बड़े स्तर पर सैंपलिंग कर रहे हैं। 8 दिन में 3 हजार 700 सैंपल लिए हैं। कंटेनमेंट जोन और कर्फ्यू क्षेत्र में किसी को कोई छूट नहीं मिलेगी। जो व्यवस्था अभी तक रही है, वही रहेगी।

एसपी कैलाश चन्द विश्नोई ने बताया कि धानमंडी, घंटाघर का पूरा थाना क्षेत्र और सूरजपोल थाना क्षेत्र के का एक तिहाई हिस्से में सख्त कर्फ्यू चल रहा है। बाकि नगर निगम क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया हुआ है। लोग घर से बाहर न निकलें। उदयपुर शहर के अंदर किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

सिर्फ 3 में ही लक्षण थे, बाकि किसी में नहीं

कलेक्टर आनंदी ने बताया कि 354 केस आए हैं। इनमें से 289 कांजी का हाटा के हैं या ऐसे हैं जो कांजी का हाटा क्षेत्र के लोगों से या क्षेत्र के संपर्क में थे। संक्रमण के तीन स्त्रोत माने हैं, पहले प्रवासी श्रमिक, दूसरे हॉस्पिटल में काम कर रहे मेडिकल स्टाफ और तीसरा कांजी का हाटा। प्रवासी श्रमिकों में एक अच्छी बात दिख रही है, कि वे खुद होम क्वॉरंटीन हो रहे हैं।

आज करीब 1000 श्रमिक उदयपुर जिले में ट्रेन से आए हैं। इनकी निगरानी की जा रही है। हो सकता है कि केस बढ़े, ऐसे में जिले के लोग बढ़ती हुई संख्या देखकर घबराएं नहीं, बस अपने घरों में रहें। हॉस्पिटल स्टाफ को नियमानुसार ड्यूटी के बाद क्वॉरंटीन किया जा रहा है। कांजी का हाटा में अभियान स्तर पर सैंपलिंग-टेस्ट हो रहे है, केस अभी और बढ़ेंगे। संख्या देखकर घबराएं नहीं।

कांजी का हाटा क्षेत्र के सुपर स्प्रेडर की श्रेणी में आने वाले दूध-सब्जी वाले और राशन की दुकान वालों में सभी के टेस्ट करवा लिए हैं। सिर्फ दो पॉजिटिव केस आए हैं।

उदयपुर में किसी की कंडीशन क्रिटीकल नहीं

सीएमएचओ ने बताया कि उदयपुर में अभी एक भी क्रिटिकल कंडीशन में नहीं है। अधिकतर संक्रमित ऐसे हैं, जिनमें कोई लक्षण नहीं हैं। अभी तक उदयपुर में 8 लोग ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। जिनकी रिपोर्ट नेगेटिव आ रही है, उन्हें भी अभी डिस्चार्ज नहीं किया जाएगा। वे 14 दिन निगरानी में रहेंगे।

Exit mobile version