उदयपुर,(ARLive news)। हिरणमगरी थाना क्षेत्र के गायत्री नगर में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हुआ, दो भाई छत से तार में उलझी पतंग निकालने का प्रयास कर रहे थे, तभी उनके हाथ से पकड़ी लोहे की रोड 11 केवी की लाइन के तार से टच हो गयी, इससे दोनों बच्चों को तेज झटके के साथ कंटर लगा और वे वहीं छत पर बेसुध हो गए। मौके पर पार्षद लोकेश गौड़ और पुलिस भी पहुंची, बच्चों को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन अस्पताल में दोनों की मौत हो गयी।
थानाधिकारी हनुवंत सिंह ने बताया कि हादसे में गायत्री नगर सेक्टर 5 निवासी नमन (12) पुत्र खेमचंद भागजई और हार्दिक (14) पुत्र हरीश भागजई की मौत हुई है। दोनों बच्चे चचेरे भाई थे। दोनों बच्चे घर की छत पर थे। छत से करीब दो-ढाई फीट की दूरी पर 11 केवी का खंभा लगा था और खंभे से 11 केवी की लाइन पास से गुजर रही थी। इसी खंभे के पास नीचे की तरफ टेलीफोन सहित अन्य तार भी थे, जिसमें पतंग उलझी हुई थी।
दोनों बच्चे नासमझी में 11 केवी के तार के बीच से लोहे की रोड से दूसरे तारों में फंसी पतंग को निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान इनके हाथ में पकड़ी लोहे की रोड 11 केवी लाइन के तार से टच हो गयी और दोनों बच्चों को बिजली का तेज झटका लगा, दोनों वहीं बेसुध होकर गिर गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हॉस्पिटल में इनकी मौत हो गयी।

