जोधपुर,(ARLive news)। राजस्थान हाईकोर्ट ने महाराणा प्रताप यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रिकल्चर एंड टेक्नोलॉजी, उदयपुर में एक डीन को बिना कारण बताए हटाकर एक अन्य डीन को अतिरिक्त चार्ज देने पर रोक लगा दी है।
न्यायाधीश अरुण भंसाली ने याचिकाकर्ता डा.वीडी मुद्गल की याचिका पर सुनवाई के बाद यूनिवर्सिटी के कुलपति और रजिस्ट्रार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
याची की ओर से अधिवक्ता संजीत पुरोहित ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से सुनवाई के दौरान कहा कि डा.मुद्गल को तय चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद कमेटी ने डीन के लिए उपयुक्त पाया था और इसी आधार पर उन्हें 29 जून, 2019 को नियुक्ति दी गई थी, लेकिन हाल ही 24 अप्रैल को उन्हें इस पद से हटाते हुए एक अन्य डीन प्रो.अजय कुमार शर्मा को उनके पद का अतिरिक्त चार्ज दे दिया गया।
उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार ने यह आदेश जारी करने से पहले याची को कोई कारण बताओ नोटिस तक नहीं दिया और न ही उन्हें सुनवाई का कोई अवसर दिया गया। जबकि उनका चयन एक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसरण में किया गया था। यहां तक कि ऐसा आदेश जारी करने से पहले बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट ऑफ द यूनिवर्सिटी का भी कोई पूर्व अनुमोदन प्राप्त नहीं किया गया। अधिवक्ता ने इसे अवैधानिक और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत के विरूद्ध बताया। एकलपीठ ने आदेश के क्रियान्वयन पर रोक लगा दी है।

