Site icon AR Live News

दिल्ली पुलिस में कोरोना से पहली मौत, 31 साल के कांस्टेबल ने गंवाई जान

delhi police constable die with corona virus

नई दिल्ली,(ARLive news)। दिल्ली पुलिस में कोरोना से पहली मौत का मामला सामने आया है और जानकारी के मुताबिक़ भारत नगर थाने में तैनात 31 वर्षीय कांस्टेबल अमित की बीमार पड़ने के बाद मौत हो गई। मौत के बाद कांस्टेबल के सेम्पल कोविद-19 जांच के लिए भेजे गए थे। बुधवार को रिपोर्ट सामने आने पर कांस्टेबल के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हो गयी है।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला कांस्टेबल उत्तरपश्चिम दिल्ली के भारत नगर पुलिस थाने में तैनात था। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उनमें कोरोना के कोई भी लक्षण नहीं थे, लेकिन मंगलवार को वो अचानक बीमार पड़ गए थे और उसकी दीप चंद बंदी अस्पताल में जांच की गई जहां उसे दवाइयां दी गई।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार शाम को जब कांस्टेबल ने बताया कि उसे तबीयत ठीक नहीं लग रही है तो उसे फौरन राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत लाया गया घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि कांस्टेबल के संपर्क में आए पुलिसकर्मियों को घर में पृथक-वास के लिए कहा गया है। अधिकारी ने बताया कि उसके परिवार में पत्नी और तीन साल का बेटा है।

कोरोना ने अब तक दिल्ली पुलिस के 70 से ज्यादा जवानों को संक्रमण का शिकार बनाया है। हालाँकि राहत की बात ये है कि अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, 9 जवान इलाज के बाद ठीक भी हो गए हैं। दिल्ली पुलिस के जवानों के लिए अलग से कोरोना टेस्टिंग सेंटर बनाए गए हैं।

Exit mobile version