Site icon AR Live News

पालघर मॉब लिंचिंग मामले में गिरफ्तार एक आरोपी कोरोना पॉजिटिव

palghar mob lynching 1 accuse corona positive other 20 accuses are in quarantine

पालघर,(ARLive news)। महाराष्ट्र के पालघर में दो साधुओं और एक वाहन चालक की पीट-पीट कर हत्या करने के मामले में एक आरोपी कोरोना वायरस की जांच में पॉजिटिव पाया गया है। वाडा थाने में बंद आरोपियों में से एक आरोपी के कोरोना संक्रमित मिलने से पुलिस और स्वास्थ्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। संक्रमित आरोपी को सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है।

जिला सिविल सर्जन डॉ. कंचन वानेरे ने बताया कि वाडा थाने में बंद एक आरोपी कोरोना संक्रमित पाया गया है। आरोपी का विदेश यात्रा का कोई इतिहास नहीं है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने आरोपी के संपर्क में आए कर्मियों का तेजी से पता लगाना शुरू कर दिया है ताकि पता चल सके कि उसे यह संक्रमण कहां से लगा।

23 पुलिसकर्मियों और 20 अन्य आरोपियों को क्वारंटीन किया

वानेरे ने बताया कि एहतियातन इस आरोपी के संपर्क में आए 23 पुलिसकर्मियों और 20 अन्य आरोपियों को क्वारंटीन कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार 18 अप्रैल को नौ किशोरों सहित सभी 110 आरोपियों का महामारी कोरोना का परीक्षण किया गया था और सभी की रिपोर्ट निगेटिव आयी थी।

जब शुक्रवार को वाडा पुलिस लॉकअप में बंद आरोपी का दूसरा कोरोना परीक्षण किया गया तो उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। अब मेडिकल टीम आरोपी के परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा उन कर्मचारियों की भी जांच की जा रही है जो आरोपी के संपर्क में तब आए थे जब उसे 30 अप्रैल को अदालत ले जाया गया था।

Exit mobile version