उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर चैम्बर ऑफ काॅमर्स एण्ड इण्डस्ट्री ने निकटवर्ति जिलों में माल एवं लोगों की आवाजाही के लिए अनुमति प्रदान करने की मांग की है। यूसीसीआई के अध्यक्ष रमेश सिंघवी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को प्रतिवेदन भेजकर यह मांग की है कि माॅडिफाईड लाॅकडाउन के दौरान उद्योगों को संचालन हेतु छूट प्रदान की जाए। कई मार्बल एवं ग्रेनाईट इकाईयां संचालन शुरु करना चाह रही हैं, किन्तु कई इकाईयों के मालिकों एवं कार्मिकों के आसपास के जिलों में निवासरत होने से यह सम्भव नहीं हो पा रहा है। लाॅकडाउन के कारण लोगों की एक जिले से दूसरे जिले में आवाजाही प्रतिबन्धित है जिससे व्यावसायिक गतिविधियों का पुनः संचालन शुरु करने में बाधा आ रही है।
यूसीसीआई का यह सुझाव है कि ऐसे जिलों में आवाजाही की अनुमति दी जावे जिनकी सीमाएं आपस में मिलती हैं तथा जिनमें कोरोना संक्रमण के मामले नहीं हैं अथवा पिछले 14 दिनों में कोई नया मामला सामने नहीं आया है।
उद्योगों को ई-पास नहीं हो रहे जारी
इसके साथ ही उद्योगों को ई-पास प्राप्त करने में भी असुविधा का सामना करना पड रहा है। यूसीसीआई द्वारा सम्बन्धित सरकारी विभागों को भी इस बाबत अवगत कराया गया है किन्तु सरकार के आॅनलाईन पोर्टल पर आवेदन करने के कई दिन बाद भी उद्योगों को ई-पास मुहैया नहीं हो पा रहे हैं।
ज्ञात हो कि माॅडिफाईड लाॅकडाउन में राज्य सरकार द्वारा उद्योग संचालन हेतु कुछ ढील देने का आश्वासन दिया था, किन्तु वर्तमान परिस्थिति में औद्योगिक गतिविधियां चलाने में उद्यमियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड रहा है।

