जयपुर,(ARLive news)। राजस्थान में आज गुरूवार को 76 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई। इससे प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 1964 हो गयी है। वहीं सीकर जिले में एक संक्रमित की मौत हो गयी। प्रदेश में अब तक कोरोना से 28 मौतें हो चुकी हैं।
वहीं उदयपुर में भी कोई कोरोना संक्रमित नहीं मिला है। दिन में जिले में अफवाह फैल गयी थी, कि सलूंबर के एक किशोर की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आयी है। इस पर सीएमएचओ दिनेश खराड़ी ने इस मैसेज का खंडन किया और बताया कि सलूंबर से एक किशोर की सैंपल लिए गए हैं, उसकी रिपोर्ट अभी नहीं आयी है। वह अहमदाबाद में कोरोना पॉजिटिव होने के कारण भर्ती था। उसके ठीक होने के बाद वहां से उसे डिस्चार्ज कर दिया गया, इस पर वह अपने पिता के साथ उसके गांव सलूंबर लौट आया। यहां गांव पहुंचने के बाद पिता अपने पुत्र को लेकर एमबी हॉस्पिटल आए और केस हिस्ट्री बताई। किशोर के सैंपल लिए हैं और एहतियात के तौर पर उसके परिवार के सदस्यों, उसे चेक करने वाली मेडिकल टीम सहित अन्य संपर्क में आए लोगों को क्वेरंटाइन किया गया है।

