नई दिल्ली,(ARLive news)। देश में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के मामलों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में 3 मई तक लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को संबोधित करते हुए 20 अप्रैल तक हर कस्बे, गांव का बारीकी से परीक्षण होगा। जो इलाके अपने यहाँ हॉटस्पॉट नहीं बढ़ने देंगे, वहां 20 अप्रैल से कुछ ज़रूरी गतिविधियों की अनुमति होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कोरोना वैश्विक महामारी के खिलाफ भारत की लड़ाई बहुत मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। आप सभी देशवासियों की तपस्या, आपके त्याग की वजह से भारत अब तक, कोरोना से होने वाले नुकसान को काफी हद तक टालने में सफल रहा है। मैं जानता हूं, आपको कितनी दिक्कते आई हैं। लॉकडाउन के इस समय में देश के लोग जिस तरह नियमों का पालन कर रहे हैं, जितने संयम से अपने घरों में रहकर त्योहार मना रहे हैं, वो बहुत प्रशंसनीय है। हमारे संविधान में जिस We the People of India की शक्ति की बात कही गई है, वो यही तो है।
मोदी ने सात बातों में मांगा जनता का साथ
1 : घर के बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखना है।
2 : लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह पालन करें।
3 : अपनी इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए आयुष मंत्रालय द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।
4 : कोरोना संक्रमण का फैलाव रोकने में मदद के लिए आरोग्य सेतु मोबाइल एप डाउनलोड करें।
5 : जितना हो सके उतने गरीब परिवार की देखरेख करें। उनके भोजन की आवश्यकता पूरी करें।
6 : अपने व्यवसाय- उद्योगों में साथ काम कर रहे लोगों के प्रति संवेदना रखें, नौकरी से न निकालें।
7 : देश के कोरोना योद्धाओं डॉक्टर, नर्सेस, सफाई कर्मी, पुलिसकर्मियों का का सम्मान करें।

