नयी दिल्ली,(ARLive news)। देश में तमिलनाडू और मध्यप्रदेश उज्जैन में कोरोना पीड़ित एक-एक नागरिक की मृत्यु और हो गयी है। ऐसे में अब कोरोना से मरने वालों की संख्या 12 हो गयी है, मृतकों में से अधिकतर को हाई ब्लड प्रेशर और शुगर की बीमारी भी थी। वहीं राजस्थान की बात करें तो बुधवार को कोरोना के भीलवाड़ा में 4 और जोधपुर में एक कुल 5 नए केस और आए हैं और राज्य में अब कुल 37 लोग कोरोना पीड़ित हैं, इनमें से 17 केस तो सिर्फ भीलवाड़ा के ही हैं।
राहत की बात है कि हाई रिस्क पर होने के बावजूद उदयपुर में अब तक एक भी कोरोना पॉजिटिव नहीं आयी है। वहीं राजस्थान में बुधवार को कोरोना मरीजों की संख्या 37 हो गयी। बुधवार को भीलवाड़ा में चार नए लोगों की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आयी है। इससे भीलवाड़ा में कोरोना पीड़ितों की संख्या 17 हो गयी है। वहीं एक केस जोधपुर से आया है।
देश में 16 घंटे में दो मौतें
मंगलवार रात कोरोना वायरस से तमिलनाडु में पहली मौत की खबर सामने आ रही है। मरने वाले व्यक्ति को ब्लड प्रेशर और मधुमेह भी था। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री ने बताया कि इस मरीज का इलाज तमिलनाडु में मदुरै के राजाजी अस्पताल में किया जा रहा था। वह कई अन्य बीमारियों से भी ग्रसित था। मंगलवार रात उसकी मौत हो गई।
बुधवार को मध्यप्रदेश के उज्जैन में भी कोरोना से राज्य में पहली मौत हुई है। उज्जैन सीएमएचओ डॉ. अनुसुइया गवली ने बताया कि 65 वर्षीय महिला के परिजन उसे 22 मार्च को चैरिटेबल हॉस्पिटल लाए थे। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए माधवनगर अस्पताल भेज दिया गया। यहां उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया। संदिग्ध लगने पर सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजा गया, जिसकी रिपोर्ट मंगलवार देर रात पॉजिटिव आई। इसके बाद पुलिस ने उज्जैन में उनके घर और आस-पास के इलाके को सील कर दिया।

