Site iconSite icon AR Live News

महिला टी-20 वर्ल्ड कप : पहली बार फाइनल में पहुंचा भारत

india is in final in women t20 world cupindia is in final in women t20 world cup

सिडनी,(ARLive news)। भारत ने बारिश के कारण इंग्लैंड के खिलाफ गुरुवार को सेमीफाइनल मैच रद्द हो जाने से पहली बार आईसीसी महिला टी-20 विश्वकप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत और इंग्लैंड के बीच यहां सेमीफाइनल मुकाबले में पहले से बारिश की आशंका व्यक्त की गई थी और यह तय था कि यदि मैच धुल जाता है तो भारतीय टीम अपने बेहतर ग्रुप रिकॉर्ड के कारण फाइनल में पहुंच जाएगी।

सेमीफाइनल बारिश के कारण रद्द कर देना पड़ा और भारतीय टीम खिताबी मुकाबले में पहुंच गई। बादलों और बारिश ने सुबह से ही इंग्लैंड के खेमे को निराशा में डाल रखा था जबकि भारतीय खेमे में ख़ुशी के बादल मंडरा रहे थे। हालांकि फॉर्म में चल रही भारतीय टीम मुकाबले को जीतकर फाइनल में पहुंचना पसंद करती लेकिन टीम इस बात को लेकर राहत में थी कि बेहतर ग्रुप रिकॉर्ड उसके पक्ष में था। अंतररष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सेमीफाइनल के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा था और मैच रद्द होने से भारतीय टीम खिताबी मुकाबले में पहुंच गई जबकि इंग्लैंड को बाहर हो जाना पड़ा।

आईसीसी नियम के अनुसार यदि बारिश के कारण सेमीफाइनल मैच रद्द किया जाता है तो ग्रुप चरण में बेहतर रिकॉर्ड रखने वाली टीम फाइनल में पहुंच जाएगी। भारत ने अपने ग्रुप ए में अपने चारों मैच जीते थे जबकि इंग्लैंड ने ग्रुप बी में चार में से तीन मैच जीते थे।

Exit mobile version