इस घटना ने उदयपुर में एक्सटॉर्शन रैकेट का भी किया है खुलासा.!
उदयपुर,(ARLive news)। गोवर्धन विलास थाने से 500 मीटर दूर होटल के बाहर से युवक-युवती के अपहरण, लूट, एक्सटॉर्शन और सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गुरूवार को पुलिस ने पीड़िता के कोर्ट में सीआरपीसी की धारा 164 के तहत बयान करवाए। कोर्ट में पीड़िता ने चार से अधिक बदमाशों द्वारा अपहरण, मारपीट, लूट, एक्सटॉर्शन (अवैध वसूली, फिरौती) के लिए धमकी और दो बदमाशों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की बात कही और उन दरिंदों द्वारा घटित किया गया पूरा घटनाक्रम बताया।
बदमाशों ने युवक-युवती के अपहरण के बाद ईवेंट कंपनी मालिक को 2 लाख फिरौती के लिए फोन कर धमकाया, पीड़िता और उसके सहकर्मी के साथ मारपीट, लूट की और शहर के आस-पास ही बेखौफ कार में घूमते रहे। जब ईवेंट कंपनी मालिक से फिरौती नहीं मिली तो बदमाश युवती को देबारी रेलवे पटरियों के पास ले गए और वहां सामूहिक दुष्कर्म किया।
एसपी कैलाश चन्द्र विश्नोई ने बताया कि पीड़िता के साथ गंभीर प्रकृति का अपराध हुआ है। उसके कोर्ट में बयान करवाए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज और बीटीएस लोकेशन से पूरा रूटचार्ट भी तैयार किया है, कि बदमाश होटल के बाहर से अपहरण कर युवक-युवती को कहां-कहां लेकर गए। बदमाशों की तलाश जारी है।
बदमाशों ने रात को युवक-युवती के अपहरण के बाद भी उनकी ईवेंट कंपनी के मालिक को 2 लाख रूपए एक्सटॉर्शन मनी के लिए फोन किया था, इससे यह भी साबित होता है कि बदमाशों को पुलिस का कतई खौफ नहीं था, कि कहीं कंपनी मालिक पुलिस के पास पहुंच गया तो क्या होगा।
इस घटना ने उदयपुर में एक्सटॉर्शन मनी के रैकेट का भी किया है खुलासा
इस घटना ने इस बात का खुलासा भी किया है कि उदयपुर में एक्सटॉर्शन मनी का रैकेट कितने बड़े स्तर पर चल रहा है। व्यापारियो को अवैध वसूली के लिए किस हद तक धमकाया जाता होगा..! नाकौड़ा ईवेंट कंपनी के मालिक ओमप्रकाश को एक्सटॉर्शन मनी के लिए पहले भी धमकाया जा चुका था। अवैध वसूली का पैसा नहीं मिला तो बदमाशों ने अपहरण, लूट, एक्सटॉर्शन, मारपीट और सामूहिक बलात्कार की इस घटना को अंजाम तक दे दिया।
सवाल है कि बदमाशों के हौंसले इतने बुलंद कैसे हो सकते हैं, कि वो उदयपुर शहर के थाने से 600 मीटर दूर एक होटल के बाहर से युवक-युवती का बंदूक की नोंक पर अपहरण कर ले जाएं लूटपाट करें, उन्हें उन्हीं की कार में रातभर शहर के सुनसान इलाकों में ले जाएं, उनके ईवेंट कंपनी के मालिक से 2 लाख रूपए फिरौती मांगने फोन भी करते हैं और फिर फिरौती नहीं मिलने पर देबारी की रेलवे पटरियों के पास युवती से सामूहिक दुष्कर्म करते हैं..!
इस घटना ने उस युवती ही नहीं, उदयपुर की सुरक्षा व्यवस्था का भी बलात्कार किया है। इस घटना को पुलिस भले ही कैसे ही प्रस्तुत करे, लेकिन ऐसा तभी होता है जब पुलिस का खौफ अपराधियों में से खत्म होने लगे।
बेखौफ बदमाशों के बलंद इरादे तब भी पता चले थे जब 15 दिन पहले एक टूरिस्ट गाइड युवक की सरे राह लूट के लिए हत्या कर दी गयी थी। ये ऐसी घटनाएं हैं, जो पहले कभी उदयपुर में नहीं होती थीं, लेकिन अब……!

