उदयपुर,(ARLive News)। शहर से सटे एकलिंगपूरा गांव की मुख्य रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम को मंगलवार रात काटकर बदमाश 14 लाख 28 हजार रुपये चोरी कर ले गए। जब तक पुलिस को एटीएम सिक्योरिटी के हैदराबाद ऑफिस से मैसेज मिला और पुलिस 7 मिनट में पहुंच भी गयी, लेकिन तब तक बदमाश एटीएम से कैश चोरी कर फरार हो चुके थे।
जानकारी के अनुसार बदमाशों ने रात करीब 1.45 से 2 बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया। बदमाश साथ मे गैस कटर लेकर आये थे। बदमाशों ने एटीएम गैस कटर से काटा और रुपये चोरी कर फरार हो गए। सूचना पर थानाधिकारी संजीव स्वामी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और ज़िले में नाकाबंदी करवाई। उन्होंने बताया बैंक ऑफिसर रिपोर्ट देंगे, उसके बाद ही पता चलेगा कि एटीएम से कितने रुपये चोरी हुए है।
बैंक ने मंगलवार को ही एटीएम में 15 लाख डाले थे
बताया जा रहा है कि यह एटीएम अक्सर खाली ही रहता है, लेकिन मंगलवार को ही बैंक की ओर से इसमे करीब 15 लाख रुपये डाले गए थे। वारदात के समय करीब 14 लाख रुपये से अधिक राशि एटीएम मशीन में थी, जो बदमाश चोरी कर ले गए।
7वें मिनट में पुलिस मौके पर पहुंच गई
पुलिस ने बताया कि पुलिस को एटीएम के हैदराबाद ऑफिस से जैसे ही सूचना मिली वह 6 से 7 मिनट में मौके पर पहुंच गई थी। टीम जब मौके पर पहुंची एटीएम से गैस कटर से कटने के कारण धुंआ निकल रहा था। बदमाश मौके से फरार हो चुके थे। तत्काल जिले में नाकाबंदी करवाई गई।

