Site iconSite icon AR Live News

उदयपुर में पति के “तीन तलाक” देने पर पत्नी ने मामला दर्ज करवाया

Triple talaq case Fir lodged in udaipur dhanmandi police stationTriple talaq case Fir lodged in udaipur dhanmandi police station

उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर शहर के धानमंडी के धोलीबावड़ी निवासी महिला ने अपने पति के खिलाफ तीन तलाक देने पर मामला दर्ज करवाया है। महिला ने अपने पति सलूंबर निवासी अहमद रजा पुत्र जफर खान के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों की सुरक्षा) अधिनियम 2019 की धारा 4 और आईपीसी की धारा 498ए, 354(ग) के तहत एफआईआर दर्ज करवायी है। माना जा रहा है कि तीन तलाक देने पर पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने का उदयपुर में यह पहला मामला है।

पीड़ित महिला ने धानमंडी थाने में ससुराल में पति अहमद रजा, सास फारूक बानो, ससुर जफर खान, जेठ जियाउल मुस्तफा और ननद की दो परिचित लड़कियां असमा खान व सना खान के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। महिला ने बताया कि उसकी उम्र अभी 20 वर्ष है। उसने एफआईआर में बताया कि उसकी सलूंबर निवासी अहमद रजा से शादी हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे दहेज के लिए परेशान कर मारपीट करने लगे थे और कई बार उसे घर से निकाल चुके थे। प्रार्थिया हर बार अपना दाम्पत्य जीवन बचाने के लिए वापस उस घर में चली जाती थी।

घर से निकालने के लिए पहले बदनाम किया फिर दिया तीन तलाक

महिला ने बताया कि ससुराल वालों को घर से जबरन निकालने का कोई कारण नहीं मिल रहा था तो उसके खिलाफ षडयंत्र रचा। उसकी ननद साजिदा बनो और उसकी दो सहेलियां नीलू और सना के साथ मस्तान बाबा के मेले में दो महीने पहले गयी। वहां महिला भी उसकी ननद के साथ गयी थी। वहां ननद साजिदा ने भाभी (पीड़ित महिला) की मुलाकात सरफराज नाम के लड़के से करवायी और सरफराज के मोबाइल नंबर भी लिए। इसके बाद ससुराल वालों ने महिला से रोज के झगड़ों के बीच मोबाइल ले लिया और उसके मोबाइल से सरफराज को कई बार कॉल किए और मोबाइल की मैसेज चेकिंग का दुरूपयोग कर उसके निजी फोटो समाज के वाट्स-एप ग्रुप में वायरल कर उसकी बदनामी की।

महिला की जब समाज में बदनामी हो गयी, तब इसके बाद पति अहमद रजा ने तीन बार तलाक-तलाक-तलाक बोलकर उसे तलाक दे दिया और घर से निकाल दिया।

थाने में सुनवायी नहीं हुई तो आईजी से लगायी गुहार

महिला ने बताया उसने 3 जनवरी को धानमंडी थाने में पति अहमद रजा सहित ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दी थी। लेकिन थाना पुलिस ने न तो एफआईआर दर्ज की और न ही महिला की रिपोर्ट पर कोई कार्यवाही की। पिछले दिनों महिला के पीहर धानमंडी में कुछ गुंडा तत्व आए और मारपीट कर पति के खिलाफ दी रिपोर्ट को वापस लेने के लिए कहा। इसकी रिपोर्ट के लिए महिला फिर धानमंडी थाने गयी तो इस बार भी उसकी कोई सुनवायी नहीं हुई। इस पर महिला सोमवार को आईजी के समक्ष पेश हुई, जहां से आईजी ने एफआईआर दर्ज अग्रिम कार्यवाही के निर्देश दिए।

Exit mobile version