उदयपुर,(ARLive news)। शहर से नजदीक सवीना थाना क्षेत्र में डाकन कोटड़ा रोड पर बने टोल नाका पर जबरन टोल वसूलने के लिए इन दिनों टोल कर्मियों ने उसके पास बना ग्रामीण क्षेत्र का आम रास्ता रोकना शुरू कर दिया है। अगर डेली अपडाउन करने वाला ग्रामीण टोल प्लाजा के बजाए गांव के आम रास्ते से निकलना चाहे तो टोल कर्मी उसे रोकते हैं और मारपीट पर उतारू हो जातें हैं, ताकि वह टोल नाके से निकले और टोल राशि उससे वसूली जा सके।
ऐसा ही शनिवार को गोवर्धन विलास निवासी स्कूल संचालक राजेन्द्र सिंह के साथ हुआ। राजेन्द्र सिंह ने इस संबंध में सवीना थाने में टोलकर्मी के खिलाफ रिपोर्ट दी है।
राजेन्द्र सिंह ने बताया कि वे हर दिन उदयपुर से फड़सिया, सराड़ा स्थित निजी स्कूल अपडाउन करते हैं। शॉर्ट पड़ने से वे हमेशा से ही गांव के आम रास्ते से होकर आते-जाते रहे हैं। पहले तो यह टोल बंद था, लेकिन राज्य सरकार की पॉलिसी के तहत पिछले महीनों में यह स्टेट टोल नाका शुरू हुआ हैं। जब से यह टोल नाका शुरू हुआ है, तब से टोल कर्मी टोल से पहले गांव से होकर जाने वाले आम रास्ते पर बैठ कर आने-जाने वाले वाहनों को रोकते है। पिछले दिनों से यह हमें आते-जाते परेशान कर रहे हैं और मजबूर कर रहे हैं कि हम टोल से गुजरकर टोल राशि चुकाएं और फिर ही आए-जाएं। शनिवार को टोलकर्मियों ने गाड़ी पर लट्ठ मारकर गाड़ी रोकी और गांव के आम रास्ते से नहीं निकले की धमकी देकर मारपीट पर उतारू हो गए।

