उदयपुर,(ARLive news)। पुलिस लाइन में नए साल के पहले दिन महिला शक्ति आत्मरक्षा प्रशिक्षण केन्द्र की शुरूआत हुई। आईजी बिनीता ठाकुर और एसपी कैलाश चन्द्र विश्नोई ने केन्द्र की शुरूआत की और कराते ट्रेनर ने पहले शिविर में रजिस्ट्रेशन करवाने वाली महिलाओं, स्कूल की छात्राओं और युवतियों को डेमो देकर आत्मरक्षा के बेसिक टिप्स बताए।
एसपी कैलाश चन्द्र विश्नोई ने बताया कि एक शिविर सात दिन का होगा। हर दिन शाम 4 से 6 बजे तक दो घंटे पुलिस लाइन के सामुदायिक केन्द्र में महिलाओं, युवतियों और छात्राओं को थ्योरी और प्रेक्टिकल ट्रेनिंग दी जाएगी। थ्योरी सेशन में एडिएसपी, डीएसपी, वकील और विशेषज्ञ महिलाओं को उनके अधिकार, कानूनी जानकारी, किसी समस्या के होने पर कैसे और कहां संपर्क करने के संबंध में जानकारी देंगे। वहीं दूसरे घंटे में कराते ट्रेनर महिलाओं को प्रेक्टिकली आत्मरक्षा के गुर सिखाएंगे। महिलाओं को टिप्स बताए जाएंगे कि कभी वितरीत परिस्थितियों में कैसे किसी व्यक्ति से खुद को बचाया जाए।

