उदयपुर,(ARLive news )। टीचर बनना हो या पुलिस कर्मी, एलडीसी बनना हो या एफसीआई में लगना हो, आंगनवाड़ी में सुपरवाईजर कोई भी सरकारी नौकरी दिलवाने के नाम से करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। जिले की सलूंबर थाना पुलिस ने ठग गिरोह के मुखिया झुंझुनू के आसपुर स्थित फील्ड मार्सल डिफेंस एकेडमी संचालक अनिल कुमार भूरिया पुत्र भारत सिंह मेघवाल को गिरफ्तार किया है।
एसपी कैलाश चन्द्र विश्नोई ने बताया कि आरोपी बुहाना, झुंझुनू निवासी अनिल कुमार दिल्ली पुलिस से बर्खास्त हो चुका हेडकांस्टेबल है और झुंझुनू में फील्ड मार्सल डिफेंस एकेडमी चलाता है। इसका भाई सुनील भूरिया उदयपुर के झल्लारा के अमलोदा स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में टीचर है। आरोपी अनिल ने अपने भाई सुनील के जरिए क्षेत्र के लोगों से संपर्क बढ़ाया और सरकारी नौकरी दिलवाने के नाम से कई लोगों से अलग-अलग समय में लाखों रूपए ठग लिए। आरोपी के खिलाफ झल्लारा निवासी देवीलाल पुत्र पुंजीलाल पटेल ने रिपोर्ट दी कि आरोपी अनिल ने एफसीआई में भर्ती करवाने के नाम पर उससे 6 लाख 60 हजार रूपए ठगे हैं।
थानाधिकारी हनुवंत सिंह सोढ़ा के नेतृत्व में तफ्तीश की तो अन्य कई मामले सामने आए। पुलिस टीम आरोपी अनिल को गिरफ्तार करने गयी तो पता चला कि आरोपी के खिलाफ ऐसा ही मामला जोधपुर में दर्ज है, जिससे वह जोधपुर जेल में है। इस पर टीम ने कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट लिया और आरोपी अनिल को गिरफ्तार कर उदयपुर लेकर आयी है। आरोपी के खिलाफ चित्तौड़गढ़ में भी इसी प्रकार ठगी का मामला दर्ज है। पुलिस आरोपी के भाई उदयपुर में सरकारी टीचर सुनील भूरिया की भूमिका की जांच कर रही है, क्यों कि उदयपुर में आरोपी ने लोगों से संपर्क अपने भाई सुनील भूरिया के जरिए ही किया था।
उदयपुर में हर नौकरी के अलग रेट तय कर रखे थे ठग ने
: पुत्री को आंगनवाड़ी सुपरवाइजर बनवाने के नाम पर झल्लारा के गौतम पटेल से 3 लाख, भूरालाल पटेल से 2 लाख रूपए ठगे।
: सचिव बनाने के नाम पर गौतमलाल पटेल से पुत्री को 7 लाख, दौलतराम से 1 लाख 35 हजार रूपए ठगे।
: पुत्र को सैकंड ग्रेड टीचर बनाने के नाम पर गोविंद पटेल से 6 लाख 70 हजार ठगे।
: एफसीआई में भर्ती के नाम पर देवीलाल से 6 लाख 60 हजार, मन्नालाल से 6 लाख, हीरालाल से 4 लाख रूपए ठगे।
: पुलिस भर्ती के नाम पर रमेश मीणा से 2 लाख 75 हजार रूपए, वाला राम से 4 लाख रूपए, हीरालाल से 5 लाख रूपए, मुकेश पटेल से 4 लाख 25 हजार, जगजी पटेल से 4 लाख 50 हजार ठगे।
: एलडीसी भर्ती के नाम पर गजेन्द्र पाटीदार से 3 लाख रूपए ठगे।

