उदयपुर,(ARLive news)। शहर के घंटाघर थाना क्षेत्र के दूधतलाई के पास शुक्रवार दोपहर विदेशी महिला पर्यटक इंग्लैंड निवासी चार्ली के साथ लूट की घटना हुई। बदमाश महिला से उसका पर्स छीन कर ले गया, जिसमें 5 हजार रूपए, एक मोबाइल और ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य सामान रखा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और विदेशी महिला के बताए हुलिए के अनुसार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
थानाधिकारी भवानी सिंह ने बताया कि इंग्लैंड निवासी चार्ली उदयपुर घूमने आयी हैं। वे दूधतलाई के पास जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में स्टेट टाइम से बनी ओहदी देखने गयी थी। इस दौरान एक बदमाश भागते हुए आया और महिला से पर्स छीनकर ले गया। महिला के शोर मचाने पर लोग जब तक मदद के लिए पहुंचे, बदमाश फरार हो चुका था।
पर्यटन स्थल होने के बावजूद नशेड़ी गरदुल्लों का ठिकाना
विदेशी पर्यटक के साथ जिस क्षेत्र में लूट की वारदात हुई है, वह पर्यटन स्थल है, इसके बावजूद वहां समुचित सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से हर वक्त नशेड़ी, गरदुल्लों, अफीमचियों का जमावड़ा लगा रहता है। वहां जाने वाले लोगों के साथ वहां अक्सर वारदातें होती हैं।

