Site iconSite icon AR Live News

दीपावली-दशहरा मेला की एक सेलिब्रिटी नाईट 6.70 लाख की, जबकि रजत जयंति में खर्च किए थे 30 लाख

nagar nigam deepawali dashahara melanagar nigam deepawali dashahara mela

उदयपुर,(ARLive news)। नगर निगम की ओर से हर साल लगने वाला दीपावली-दशहरा मेला 19 अक्टूबर से शुरू हो जाएगा। 2 नंवबर तक चलने वाले इसे मेले में कुल 5 दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिसमें तीन दिन सेलिब्रिटी नाईट रहेगी।

यहां गौर करने वाली बात यह है कि जहां नगर निगम के भाजपा बोर्ड ने पिछले महीने हुए अपने रजत जयंति समारोह में 30 लाख रूपए खर्च कर एक नाईट में सिंगर कैलाश खैर को बुलाया था, वहीं दीपावली दशहरा मेले के लिए निगम का यही भाजपा बोर्ड 10 लाख रूपए का भी बजट सेलिब्रिटी बुलाने में खर्च नहीं कर रहा है।

जबकि दीपावली-दशहरा मेले में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शहरवासी पूरे साल इंतजार करते हैं। रजत जयंति समारोह तो भाजपा का कार्यक्रम था, नगर निगम में 25 वर्ष भाजपा के बोर्ड को हुए थे, इसके बावजूद सारा खर्चा नगर निगम ने वहन किया था।

इस अंतर पर महापौर का जवाब

रजत जयंति समारोह की एक नाईट में 30 लाख रूपए का बजट रखने और दीपावली दशहरा मेले की एक नाईट में मात्र 6 लाख 70 हजार का बजट के इतने बड़े अंतर के सवाल पर महापौर चन्द्र सिंह कोठारी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि हमने विख्यात सेलिब्रिटी तलाशने का प्रयास भी किया था, लेकिन बड़ी सेलिब्रिटी करोड़ों रूपए चार्ज करती हैं, अभी हमारा इतना बजट नहीं था, तो हमने नहीं बुलाया।

यहां सवाल यह है कि क्या निगम को 6 लाख और 1 करोड़ के बीच के बजट की कोई बड़ी सेलिब्रिटी नहीं मिली..? या नगर निगम के भाजपा बोर्ड ने तलाशने का प्रयास ही नहीं किया..? क्या यह इसलिए हुआ कि यह मेला नगर निगम का है, इसमें भाजपा अपनी वाह-वाही सीधे तौर पर नहीं कर सकती थीं..? जबकि रजत जयंति समारोह घोषित तौर पर भाजपा का कार्यक्रम था..?

जानिए जनता के मेले में किस दिन कौन सी सेलिब्रिटी किस बजट में आएगी 

21 अक्टूबर : स्थानीय प्रतिभा नाईट

22 अक्टूबर : उभरते सितारे स्थानीय प्रतिभा नाईट

23 अक्टूबर : भजन संध्या : बजट – 2 लाख 21990 : उज्जैन के गायक शर्मा बंधु भजन गायन करेंगे।

24 अक्टूबर : संगीत संध्या : बजट – 6 लाख 70 हजार : रेस-2 फिल्म फेम गायिका ऋतु पाठक की प्रस्तुति होगी।

25 अक्टूबर : डांस नाईट : बजट 3 लाख 80 हजार : मुंबई की टीवी कलाकार व डांसर अपर्णा दीक्षित की डांस प्रस्तुति होगी।

महापौर ने कहा यज्ञ, पूजा की तो बारिश हुई

पत्रकार वार्ता में महापौर से प्रश्न किया गया कि दीपावली-दशहरा मेला या रजत जयंति समारोह में वे जितनी गंभीरता दिखा रहे हैं, उतनी गंभीरता शहर की सड़कों की हालत सुधार में क्यों नहीं नजर आ रही। इस पर महापौर चन्द्र सिंह कोठारी ने जवाब दिया कि हम हर मुद्दे पर गंभीर हैं। बारिश नहीं हो रही थी तो हमने गंभीरता दिखायी, निगम ने यज्ञ किया, सभी ने प्रार्थना की तो बारिश हुई। रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई तो सड़कें टूटनी ही थी।

Exit mobile version