Site iconSite icon AR Live News

पुत्री से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक ने किशोरी के पिता की चाकू घोंपकर हत्या की

उदयपुर,(ARLive News)। सेमारी थाना क्षेत्र के जामुड़ा गांव में देर रात आंगन में सो रहे चतरा (50) पुत्र राम जी मीणा की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी गयी। मृतक ने उसकी बेेटी से हो रही छेड़छाड़ का विरोध किया था।

पुलिस ने हत्या के आरोप में डूंगरपुर सदर थाना क्षेत्र अपलाना निवासी सोमेश्वर पुत्र पूंजीलाल और नवीन पुत्र शांतिलाल सहित अन्य साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

थानाधिकारी श्याम सिंह ने बताया कि आरोपियों को नामजद कर पकड़ लिया है। आरोपी सोमेश्वर मृतक चतरा की नौंवी कक्षा में पढ़ रही पुत्री के पीछे पड़ा था। इस बात पर मृतक चतरा और बेटे ललित ने सोमेश्वर को समझाया था और बेटी का पीछा छोड़ने के लिए कहा था। इसी बात पर करीब इस सप्ताह पहले किशोरी की भाई ललित और सोमेश्वर  के बीच हाथापाई भी हुई थी।

इसी बात का बदला लेने के लिए बीती रात आरोपी सोमेश्वर उसके साथी नवीन और अन्य साथियों के साथ बाइक से आया। चतरा घर के आंगन में सो रहा था वहीं परिवार घर मे कमरे में सो रहा था। सोमेश्वर ने आते ही चतरा पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किये। चतरा की आवाज सुनकर बेटा ललित और बेटी बाहर आये तो सोमेश्वर उसके साथियों के साथ भाग गया। गंभीर घायल चतरा को परिजन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपी बहन और बुआ के घर आने के बहाने आता है गांव

जानकारी के अनुसार आरोपी तो डूंगरपुर का है, लेकिन उसकी बहन और बुआ की शादी जामुड़ा गांव में हुई है। बहन और बुआ के घर आने के दौरान ही उसने गांव में मृतक की पुत्री को देखा और उसके पीछे पड़ा था। जबकि मृतक की पुत्री किशोरी है और नौंवी कक्षा में ही पढ़ती है। सोमेश्वर से वह परेशान थी।

Exit mobile version