Site iconSite icon AR Live News

सावधान : महिला ने मोबाइल पर आए लिंक पर क्लिक किया और बैंक खाता हो गया खाली

online fraud to sent mobile link dataonline fraud to sent mobile link data

उदयपुर,(ARLive news)। शहर के सेक्टर 11 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी टिंकल राजानी को मोबाइल पर आए लिंक पर क्लिक करना भारी पड़ गया। लिंक पर क्लिक करते ही उनके खाते से 1 लाख रूपए कट गए। टिंकल ने सूरजपोल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवा दी है। टिंकल के साथ बदमाशों ने ठगी करने के लिए इस तरह भरोसे में लिया कि कोई भी व्यक्ति एक बार भरोसे में आ जाए।

ठगी का तरीका भी ऐसा कि कोई भी विश्वास कर ले…इसलिए रहें सावधान

माछला मगरा, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेक्टर 11 निवासी टिंकल राजानी ने बताया कि उनको पार्सल कुरियर करना था। उन्होंने गूगल पर उदयपुर में कुरियर कंपनी सर्च की। उदयपुर की दो-तीन कुरियर कंपनी के नंबर मिले, जिस पर उन्होंने कॉल किया, लेकिन कॉल किसी ने रिसीव नहीं किया और उनकी किसी से बात नहीं हो सकी।

गूगल पर कुरियर कंपनी सर्च की थी पीड़िता ने 

कुरियर कंपनी सर्च करने के थोड़ी देर बाद ही टिंकल के पास एक व्यक्ति का कॉल आया। उसने कहा मैं लेक सिटी ट्रेवल्स से बोल रहा हूं, आपको कुरियर करना था। पहले तो टिंकल राजानी ने फोन वाले पर भरोसा नहीं किया और लेक सिटी ट्रेवल्स की लोकेशन, उसके आस-पास की दुकानों और लेक सिटी के मालिक के बारे में पूछा, तो फोन पर बात कर रहे कुरियर कंपनी वाले ने सारी जानकारी सही बतायी।

इस पर टिंकल राजानी ने कहा ठीक है मैं पार्सल पैक कर दुकान पर आती हूं, तो उसने कहा कि पार्सल बुकिंग की प्रक्रिया ऑनलाइन हो गयी है, हम आपके मोबाइल पर एक लिंक भेज रहे हैं, इस पर आप क्लिक कर देंगे तो आपके खाते से 2 रूपए कटेंगे और आपका रजिस्ट्रेशन हो जाएगा, इसके बाद आप कभी भी पार्सल दुकान पर छोड़ जाइएगा।

अगले एक मिनट में टिंकल के मोबाइल पर एक लिंक आया। टिंकल ने जैसे ही उस पर क्लिक किया, उनके खाते से एक के बाद एक 10 हजार, 20 हजार 15 हजार के टुकड़ों में एक लाख रूपए कट गए। लिंक पर क्लिक करते ही बदमाश ने उनके मोबाइल डाटा और गूगल पे पर बने अकाउंट का यूपीआई आईडी हैक कर ली।

टिंकल के पास जैसे ही रूपए कटने का पहला मैसेज आया, उन्हें ठगी का अंदेषा हो गया और उन्होंने गूगल पे के जरिए अपने खाते का काफी पैसा दूसरे खाते में ट्रांसफर करना शुरू कर दिया। लेकिन जब तक उन्होंने पैसा दूसरे खाते में ट्रांसफर किया, उनके खाते से 1 लाख रूपए टुकड़ों में कट चुके थे।

Exit mobile version