उदयपुर/भिंडर,अभिषेक श्रीमाली,(ARLive news)। जिले के भिंडर थाना क्षेत्र के सालेड़ा गांव में गुरूवार दोपहर खेत में पेड़ के नीचे खड़े 6 श्रमिकों पर आकाशीय बिजली गिरी। इससे खेत मालिक सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं 2 महिला श्रमिकों सहित 4 श्रमिकों को गंभीर हालत में उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल रैफर किया गया। ये सभी खेत में फसल कटाई का काम कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से सालेड़ा निवासी खेत मालिक भैरा पुत्र शंकर गुर्जर और शंकर पुत्र मोती की मौत हो गयी है। वहीं महिला श्रमिक लक्ष्मी पत्नी धनराज गुर्जर, लहरी पत्नी डालचंद गुर्जर और श्रमिक शंकर पुत्र उंकार जणवा व जगदीष पुत्र मोती रावत गंभीर घायल हुए हैं, जिन्हें उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल रैफर किया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
ये सभी सालेड़ा स्थित एक खेत में फसल काट रहे थे। इस दौरान तेज बारिश आ गयी। बारिश से बचने के लिए ये खेत में पेड़ के पास जाकर खड़े हो गए। इस दौरान अचानक तेज बिजली चमकी। जब तक ये सभी संभल पाते चंद सैकंड में बिजली पेड़ पर गिर गयी। आकाशीय बिजली के सीधे चपेट में आने से भैरा व शंकर की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं आस-पास खढ़े अन्य श्रमिक गंभीर घायल हो गए।
पेड़ पर गिरती है बिजली
अक्सर बारिश के दौरान लोग पेड़ के नीचे खड़े हो जाते हैं, जबकि यह सबसे ज्यादा खतरनाक होता है। नॉर्थ ईस्ट जहां बारिश ज्यादा होती है, वहां तो जगह-जगह बोर्ड पर लोगों की जागरूकता के लिए लिखा रहता है कि बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े न हों, पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरने की संभावना अधिक होती है।

