Site iconSite icon AR Live News

उदयपुर में बैंक डकैती की बड़ी वारदात : पीएनबी बैंक में बदमाशों ने पिस्टल की नोंक पर 19 लाख रूपए लूटे

udaipur pnb bank lootudaipur pnb bank loot

उदयपुर,(ARLive news)। शहर के मादड़ी इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित पंजाब नेशनल बैंक में सोमवार दोपहर बदमाश पिस्टल की नोंक पर करीब 19 लाख रूपए लूट ले गए। बदमाश कैंपर गाड़ी से बैंक तक आए और पिस्टल दिखाते हुए बैंक में घुस गए। 5 से अधिक बदमाशों ने करीब 50 सैकंड में बैंक डकैती को अंजाम दिया। बदमाशों ने जो हाथ लगा, वह समेटा और बाहर से किसी ग्राहक के आने से पहले ही फरार हो गए।

सूचना पर डीएसपी राजीव जोशी, थानाधिकारी विवेक सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें बदमाश बैंक में लूट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस बदमाशों के हुलिए के अनुसार उनकी तलाश में जुट गयी है।

पुलिस ने बताया कि बदमाश दोपहर करीब 1 बजकर 40 मिनट 23 सैकंड पर पंजाब नेशनल बैंक में घुसे। बदमाशों ने बैंक में घुसते ही कर्मचारियों पर पिस्टल तान दी और कैश देने को कहा। बदमाशों को बैंक के फ्रंट काउंटर से जितनी राशि मिली वह लूट कर ले गए।

19 लाख लूटे, 14 लाख बच गए

जानकारी के अनुसार बदमाश बैंक में घुसे तो हड़बड़ाहट और जल्दबाजी में उन्हें जो कैश सामने मिला, वह समेट लिया। बैंक में उस समय करीब 35 लाख रूपए रखे थे, लेकिन बदमाश 19 लाख रूपए ही ले जा सके। बैंक मैनेजर और कर्मचारियों ने समझदारी दिखायी और बदमाशों को भनक नहीं लगने दी कि बैंक में अभी और भी रूपए रखे हैं।

दो दिन पहले सीकर और इससे पहले चित्तौड़गढ़ में भी हुई थी ऐसी वारदात

राजस्थान में बैंक में घुसकर लूट करने वाली गैंग सक्रिय है। दो दिन पहले सीकर में इसी प्रकार बैंक लूट की वारदात हुई थी। इससे पहले गत दिनों चित्तौड़गढ जिले में भी ऐसे ही बैंक लूट की वारदात हुई थी। बेखौफ बदमाश इन दिनों बैंक लूट की वारदातों का अंजाम दे रहे हैं और राजस्थान पुलिस हर बार इन तक पहुंचने में नाकाम हो रही है।

Exit mobile version