Site iconSite icon AR Live News

होटल ली-रॉय में मिली संदिग्ध बोतल में निकला सीमेंट फैक्ट्री का कैमिकल

hotel leroi udaipur not found explosive in suspected bottelhotel leroi udaipur not found explosive in suspected bottel

उदयपुर,(ARLive news)। रेलवे स्टेशन स्थित लीरॉय होटल के अंदर सोफे पर मिली संदिग्ध बोतल में विस्फोटक पदार्थ नहीं बल्कि सीमेंट फैक्ट्री में उपयोग होने वाला एक कैमिकल भरा था। यह खुलासा पुलिस पड़ताल में हुआ है। बीती रात लीरॉय होटल के अंदर सोफे पर मिली संदिग्ध बोतल में विस्फोटक होने के अंदेशे ने पुलिस-प्रशासन की परेड करवा दी थी और सबकी सांसें उपर नीचे हो गयी थी। बोतल को सीज करने के बाद हुई जांच में आया है कि उस बोतल में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं थी। बल्कि बोतल में सीमेंट फैक्ट्री में उपयोग होने वाला एक कैमिकल भरा था।

एसपी कैलाश चन्द्र विश्नोई ने बताया कि वह बोतल कोलकाता में रहने वाले एक युवक की थी। वह सीमेंट इंडस्ट्री में काम करता है और उदयपुर में सीमेंट फैक्ट्री में हुई एक मीटिंग में हिस्सा लेने कोलकाता से आया था। उसके पास सीमेंट में उपयोग होने वाला एलडीओ कैमिकल बोतल में भरा था, जिसे उसे मीटिंग में ले जाना था। लेकिन वह गलती से कैमिकल की बोतल होटल में रखे सोफे पर ही भूल गया था। उस बोतल में किसी भी प्रकार को कोई विस्फोटक पदार्थ नहीं पाया गया है।

गौरतलब है कि बुधवार रात को ली रॉय होटल संचालक ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसने होटल के अंदर सोफे पर एक संदिग्ध बोतल रखी है। बोतल में विस्फोटक के अंदेशे पर तत्काल बम निरोधक दस्ता, स्नाइपर डॉग स्क्वॉयड, एटीएस और पुलिस मय जाब्ता मौके पर पहुंच गए थे। वहां बम निरोधक दस्ता जब उस संदिग्ध बोतल को बम डिस्पोजल बॉक्स में लेकर वहां से निकला उसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।

उस संदिग्ध बोतल की जांच की गयी और सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस उस व्यक्ति तक पहुंची, जो वह बोतल वहां रखकर गया था। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ। 

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है अपुष्ट, और आधी-अधूरी गलत जानकारी 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उदयुपर की आमजनता को किसी भी प्रकार से घबराने की जरूरत नहीं है। सचेत रहिए, सतर्क रहिए, लेकिन इस बात से आश्वस्त भी रहिए कि उदयपुर में अब तक न तो कोई आतंकी ठहरा है और न ही कोई विस्फोटक सामग्री मिली हैं। दो दिन से उदयपुर के माउंट होटल में आतंकी के ठहरे होने का एक सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है, वह आतंकी नहीं है, बल्कि एक गिट्टी ठेकेदार है, वह गलत जानकारी वायरल हो रही है। सोशल मीडिया पर ऐसी कई फर्जी वीडियो और अपुष्ट जानकारी बिना किसी सोर्स का हवाला दिए वायरल हो रही है। तो इनसे बचने का प्रयास करें।

Exit mobile version