उदयपुर,(ARLive news)। जिले के सेमारी थाना क्षेत्र के टोकर गांव में बुधवार को पहाड़ी पर दस दिन का एक नवजात बच्चा लावारिस हालत में मिला। बच्चे की रोने की आवाज ग्रामीणों ने सुनी तो पहाड़ी पर उनका ध्यान गया। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची और बच्चे को उदयपुर शहर स्थित एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
पुलिस ने बताया कि नवजात करीब 10 दिन का है। सुबह करीब 4 बजे कुत्ते काफी ज्यादा भौंक रहे थे। इस पर ग्रामीणों ने उठकर आस-पास देखा तो एक नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। इस पर ग्रामीण पहाड़ी पर पहुंचे तो वहां बच्चा रो रहा था। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। बच्चे को टोकर गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। बताया जा रहा है कि बच्चे को कोई दूसरे गांव का व्यक्ति यहां लावारिस छोड़ गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीष शुरू कर दी है और पड़ताल कर रही है कि पिछले 10-15 दिनों में किसके घर में डिलीवरी हुई है।

