उदयपुर,(ARLive news)। जिले की सेंट्रल जेल में सुरक्षा के लिए तैनात होमगार्ड इन दिनों आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। न तो बच्चों के स्कूल में एडमीशन करवा पा रहे हैं, न ही घर के रोजमर्रा के खर्चे पूरे कर पा रहे हैं। कारण है कि सेंट्रल जेल की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड्स को पांच महीने से वेतन ही नहीं मिला है। कुछ दिन तो बिना सैलरी के जैसे-तैसे गुजर-बसर कर लिया, लेकिन अब जैसे-जैसे महीना बीत रहा है, इनकी स्थिति खराब होती जा रही है।
सेंट्रल जेल पर तैनात होमगार्ड्स ने बताया कि हम सेंट्रल जेल में जेल प्रहरी के पद पर तैनात हैं। लेकिन हमें यहां 6 महीने से वेतन नहीं मिला है। इससे हमें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कई घरेलू समस्याएं पैदा हो गयी हैं। इस बारे में हमने कई बार सेंट्रल जेल के अधिकारियों से बात की और हमारी समस्याओं से अवगत भी करवाया। इसके बावजूद हर बार विभाग के पास बजट नहीं होने की बात कहकर हमारी वेतन की बात को टाल दिया जाता है।
ड्यूटी रोटेट कर लगा रहे हैं
होमगार्ड के डिप्टी कमांडेंट प्रणय जसोरिया ने बताया कि करीब चार-पांच महीने से सेंट्रल जेल में तैनात होमगार्ड्स को वेतन नहीं मिला है। इस संबंध में कारागृह विभाग से बात की गयी तो पता चला कि उनके पास अभी बजट नहीं है। होमगार्ड्स की इस समस्या के बारे में मुख्यालय को अवगत करवाया गया है। अभी सेंट्रल जेल पर होमगार्ड्स की ड्यूटी रोटेट कर लगा रहे हैं। मतलब एक होमगार्ड की कुछ दिन ड्यूटी सेंट्रल जेल पर रहेगी और कुछ दिन किसी अन्य विभाग में। इससे होमगार्ड को अन्य विभाग से वेतन प्राप्त हो जाएगा और वेतन नहीं मिलने का दबाव एक ही होमगार्ड पर नहीं आएगा।

