उदयपुर,(ARLive news)। जिले में लुटेरे, बदमाश इतने बेखौफ हो गए हैं कि उन्हें पुलिस तो क्या, भगवान का भी खौफ नहीं रहा है। मेवाड़ के बड़े धार्मिक स्थल और आस्था का केन्द्र झामेश्वर महादेव मंदिर में बीती रात बदमाशों ने जमकर लूटपाट की।
रात करीब 3 बजे 10-15 बदमाशों ने हथियारबंद होकर झामेश्वर महादेव मंदिर पर ही हमला बोल दिया। बदमाशों ने मंदिर के पुजारियों के साथ मारपीट की, उन पर पथराव किया और मंदिर की दानपेटी तोड़कर दानराशि सहित सामान लूट कर ले गए।
पुजारियों ने बताया कि रात को सभी सो रहे थे। करीब 3 बजे 10-15 बदमाश तलवार, लाठी, सरिए, पत्थर लेकर मंदिर के अंदर घुस आए। बदमाशों ने हमारे साथ मारपीट कर तोड़फोड़ की और मंदिर में लूटपाट कर फरार हो गए। बदमाशों ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। घटना के बाद क्षेत्रवासी मंदिर पर इकट्ठे हो गए और घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। सूचना पर कुराबड़ थानेदार मदन सिंह मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की समझाइश की और मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे से मिले फुटेज और पुजारियों से पूछताछ के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू की है।

