बेंगलुरु,(ARLive news)। कर्नाटक की राजनीति में मचे बवाल के बीच विधानसभा अध्यक्ष के आर रमेश कुमार ने कहा है कि वह जो सही होगा, वही करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और जेडीएस के 14 विधायकों के इस्तीफे पर वह कोई कठोर निर्णय लेने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह केवल दो लोगों की बात सुनेंगे- मेरे लोग और मेरे बाबा। पिछले एक सप्ताह से कर्नाटक में कुमारस्वामी सरकार में मचे हंगामे के बीच अब काम पर लौटे विधानसभा अध्यक्ष का ये बयान उनकी निष्पक्षता को दर्शाता है।
रमेश कुमार ने कहा, मैं एक मध्यम वर्गीय परिवार से हूं। मुझे मेरे परिवार के लोगों ने अपनी तरह ढाला है, इसलिए ऐसा कुछ भी नहीं है जो मेरे लिए कठिन होगा। मैं शांत रहूंगा और संविधान और कानून के लिए जो जरूरी होगा वो करने की कोशिश करूंगा। उन्होंने कहा, मैं वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रम से संबंधित नहीं हूं। मैं संविधान के अनुसार काम कर रहा हूं। अब तक किसी भी विधायक ने मुझसे मिलने की मांग नहीं की है। अगर कोई मुझसे मिलना चाहता है, तो मैं अपने कार्यालय में उपलब्ध रहूंगा।
कांग्रेस के दिग्गज नेता ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि उनका पार्टी से राजनीतिक जुड़ाव उनके फैसलों में किसी तरह की बाधा उत्पन्न नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि जिस समय मैं स्पीकर के चैंबर में प्रवेश करता हूं उस वक्त से ही मैं कांग्रेसी नहीं रह जाता। मैं निष्पक्ष तरीके से विवेकपूर्ण तरीके से काम करूंगा। पार्टी के मामलों का कोई सवाल ही नहीं है। मेरे लोगों और बाबाओं के अलावा मुझ पर कोई भी दबाव नहीं बना सकता। वह मेरा मार्गदर्शन करेंगे।

