उदयपुर,(ARLive news)। इंटरनेशनल योग डे से एक दिन पहले गुरूवार को ही प्रोटोकॉल के तहत जिला प्रशासन की ओर से गांधी ग्राउंड में योग का पूर्वाभ्यास किया गया। 21 जून शुक्रवार सुबह 6.30 बजे से गांधी ग्राउण्ड में इंटरनेशनल योग डे जिला प्रशासन की ओर से जिला स्तरीय समारोह होगा। जिला प्रशासन ने गुरूवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया और प्रोटोकोल के अनुसार योगाभ्यास भी किया
इस अवसर पर मदन मोहन मालवीय आयुर्वेद महाविद्यालय के प्राचार्य महेश दीक्षित, आयुर्वेद विभाग के अतिरिक्त निदेशक डाॅ. बाबूलाल जैन,नोडल अधिकारी एवं सदस्य सचिव डाॅ. पुष्करलाल चौबीसा की मौजूदगी में योग विशेषज्ञ डाॅ. राजीव भट्ट, डाॅ. इकबाल खान गौरी, अशोक जैन, मुकेश पाठक, सपना नागौरी ने आमजन को योगाभ्यास करवाया। योग प्रोटोकाॅल पूर्वाभ्यास का मिनट टू मिनट संचालन मोहनलाल सुखाडिया विश्वविद्यालय की योग प्रशिक्षक शुभा सुराणा ने किया।
कार्यक्रम के संयोजक वैद्य शोभालाल औदिच्य ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए गांधी ग्राउण्ड में 3 बड़े मंच बनाये गये है, साथ ही 10 मंच बीच-बीच मे बनाये है व दो बड़ी एलईडी वाॅल लगायी गयी हैं। योग साधकों के योगाभ्यास व समुचित बैठक व्यवस्था हेतु 3 कलर की मेटिंग बिछाई जा रही है।
अधिकाधिक जनभागीदारी का आह्वान
कलक्टर आनंदी ने एक ओदश जारी कर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय आयोजन में समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम को वृहद स्तर पर आयोजित करने को लेकर पुलिस महानिरीक्षक प्रफुल्ल कुमार, जिला पुलिस अधीक्षक कैलाश चन्द्र विश्नोई व अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) संजीव कुमार ने शहरवासियों से अधिकाधिक संख्या में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है और योग को जीवन में अपनाने की बात कही। साथ ही शहर में मुख्य मार्गो पर बैनर व होर्डिंग्स तथा घर-घर कचरा संग्रहण वाहन के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
शहर से लेकर गांव तक होगा योग
नोडल अधिकारी पुष्करलाल चौबीसा ने बताया कि उदयपुर जिले की 544 ग्राम पंचायतो व 17 ब्लाॅक पर एक साथ आयोजन को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
तीन दिवसीय योगनिद्रा शिविर 21 से, तैयारियां पूरी
मानसिक अवसाद एवं अनिद्रा के रोगियों के लिए भारतीय संस्कृति अभ्युत्थान न्यास एवं आरोग्य भारती के संयुक्त तत्वावधान में योगनिद्रा पर तीन दिवसीय शिविर 21 से 23 जून तक सेक्टर 4 स्थित विद्यानिकेतन सभागार में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
योगनिद्रा के राष्ट्रीय विशेषज्ञ प्रशिक्षक श्रीवर्धन ने बताया कि शिविर के दौरान आमजन के लिए प्रतिदिन सांयकाल 6 से साढ़े 7 बजे तक एवं विद्यार्थियों के लिए सुबह 6.30 से 8 बजे तक योग निद्रा पर आधारित सत्र होंगे। साथ ही शरीर की शक्ति बढ़ाने हेतु कुछ सूक्ष्म योग एवं विभिन्न हस्त मुद्राओं द्वारा चिकित्सा की जानकारी भी शिविर के दौरान प्रदान की जाएगी।

