Site iconSite icon AR Live News

Doctors strike : AIIMS का यू-टर्न, IMA की हड़ताल में हुआ शामिल

aiims involved in ima doctors strikeaiims involved in ima doctors strike

नई दिल्ली,(ARLive news)। डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से बुलाई देशव्यापी हड़ताल में अब एम्स के डॉक्टर भी शामिल हो गए हैं। पहले एम्स ने इस हड़ताल से खुद को अलग रखने का ऐलान किया था। सोमवार को देश भर के करीब 5 लाख डॉक्टर अपनी सुरक्षा की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। आज करीब 1 बजे (AM) एम्स के एक जूनियर डॉक्टर पर हुए हमले के बाद आपातकालीन जनरल बॉडी मीटिंग बुलाई गई, जिसके बाद एम्स डॉक्टरों ने भी हड़ताल में शामिल होने का फैसला किया।

रेजिडेंट डॉक्टर्स ऑफ एम्स (आरडीए) की तरफ से पत्र जारी कर हड़ताल में शामिल होने की घोषणा की गई। पत्र के अनुसार, ‘सोमवार को जयप्रकाश नारायण ट्रॉमा सेंटर में एक जूनियर डॉक्टर पर करीब 1 बजे (AM) कुछ लोगों ने हमला किया। बंगाल में डॉक्टरों के साथ हुई हिंसा के खिलाफ एम्स रेजिडेंट डॉक्टरों ने सबसे पहले आवाज उठाई थी। हम डॉक्टरों की सुरक्षा की मांग के समर्थन में देश भर के डॉक्टरों के साथ हैं। आरडीए की ओर से जारी पत्र के अनुसार, एम्स के डॉक्टरों ने हिंसा के विरोध में सुबह 8 बजे से 9 बजे तक सांकेतिक प्रॉटेस्ट मार्च भी निकाला। आईसीयू, लेबर डिपार्टमेंट और आपातकालीन सर्विस इस दौरान पहले की ही तरह चलती रहेंगी।

आज दिन के 12 बजे से 18 जून 2019 की सुबह 6 बजे तक रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल में शामिल होंगे। डॉक्टरों की मांग है कि मेडिकल प्रफेशनल्स के साथ होने वाली हिंसा से निपटने के लिए केंद्रीय कानून बनाए जाने की जरूरत है। अस्पतालों को सेफ जोन घोषित किया जाना चाहिए इसके अलावा सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी सरकार की होनी चाहिए। डॉक्टरों के साथ होनेवाली हिंसा को रोकने के लिए कानून बनाने की मांग को लेकर आज देशव्यापी हड़ताल है।

Exit mobile version