Site iconSite icon AR Live News

गुजरात की ओर तेजी से बढ़ रहा तूफान ‘वायु’, भारी बारिश के आसार

storm vayu coming toward gujratstorm vayu coming toward gujrat

नई दिल्ली,(ARLive news)। देशभर में गर्मी का कहर जारी है। मिल रही खबर के अनुसार चक्रवात “वायु” देश के कई राज्यों की तरफ बढ़ रहा है। लक्षद्वीप द्वीप समूह के पास अरब सागर के ऊपर बना चक्रवाती तूफान ‘वायु’ की रफ्तार बढ़ने लगी है। इस तूफान के बुधवार तक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में तब्दील होने की संभावना है। यह उत्तर-पश्चिम की तरफ से गुजरात की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो इस तूफान के साथ देश के पश्चिमी तटों में भारी बारिश हो सकती है।

यह तूफान गर्म समुद्र से ताकत एकत्र कर रहा है और सोमवार को यह एक गहरे दबाव में बदल गया। मंगलवार-बुधवार तक यह तूफान एक ताकतवर चक्रवात के रूप में सामने आ सकता है। भारत में इस चक्रवात को ‘वायु’ नाम दिया गया है। गुरुवार को यह तूफान अपने चरम पर होगा। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 13 जून की सुबह ‘वायु’ गुजरात के पोरबंदर और महुवा इलाकों से गुजरेगा और उस वक्त इसकी रफ्तार 110-120 किलोमीटर प्रति घंटे से 135 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। 

मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया

मौसम विभाग ने चक्रवात वायु पर एक ऑरेंज अलर्ट जारी किया। ऑरेंज अलर्ट का मतलब होता है कि यह तूफान जमीनी स्तर पर बहुत ज्यादा नुकसान नहीं करेगा। समुद्र के ऊपर इस तूफान के मंडराने को लेकर मछुआरों के लिए 13 जून तक अलर्ट जारी किया गया है और उन्हें समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है। वायु चक्रवात भारत के दक्षिणी तट के करीब से उत्तर की ओर बढ़ रहा है, इसलिए मानसून से नमी दूर होने की उम्मीद है।

विशेषज्ञों की मानें तो इस चक्रवात के कारण मानसून अगले कुछ दिन आगे बढ़ सकता है। आईएमडी के पूर्वानुमान विभाग के प्रमुख डी शिवानंद पाई ने कहा कि मॉनसून के 15-16 जून तक आने की संभावना था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा क्योंकि चक्रवात नमी को खींच लेगा और इससे मानसून लेट हो सकता है।

मानसून सामान्य से एक सप्ताह बाद 8 जून को केरल पहुंचा था। अगर यह चक्रवात पाकिस्तान की ओर नहीं मुड़ा तो इससे गुजरात और पश्चिमी तटीय इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। अधिकारियों ने कहा कि इसके उत्तर की ओर की हलचल वाली नम समुद्री हवाओं को गुजरात और राजस्थान की तरफ से उत्तर भारत की तरफ मोड़ने की संभावना है। यह अपने साथ हल्की बारिश ला सकती है और जिससे इस क्षेत्र में गर्म तापमान से राहत मिल सकती है।

Exit mobile version