मंत्री धारीवाल ने कहा स्मार्ट सिटी का कर दिया सत्यानाश।
जयपुर,(ARLive news)। यूडीएच मंत्री शांतिकुमार धारीवाल ने आज जयपुर शहर में चल रहे स्मार्ट सिटी के कामों का निरीक्षण किया। स्मार्ट सिटी के लिए किशनपोल बाजार में किए काम को देखकर धारीवाल भड़क गए और कहा कि पूरी स्मार्ट सिटी का सत्यानाश कर दिया। धारीवाल ने यहां तक कह दिया कि बजट होने के बाद भी चारों स्मार्ट सिटी का सत्यानाश हो गया है। धारीवाल ने जयपुर शहर में पहले किशनपोल में काम सही करके दिखाने के बाद दूसरे बाजारों में काम शुरू करने निर्देश दिए।
यूडीएच मंत्री शांतिकुमार धारीवाल आज सुबह स्मार्ट सिटी के काम का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। धारीवाल के साथ किशनपोल विधायक अमीन कागजी, यूडीएच विभाग के आलाधिकारी, नगर निगम, जेडीए और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारी भी साथ थे।
धारीवाल ने दौरे की शुरूआज किशनपोल बाजार से की। मंत्री को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों ने एक एक काम की जानकारी दी। जिस पर मंत्री ने सवाल भी उठाए और काम में लापरवाही पर नाराजगी भी जाहिर की। धारीवाल ने पूरे बाजार का सत्यानाश करने की बात कहते हुए कुछ कामों को नए सिरे के करने के निर्देश दिए।
बाजार में कचरे का ढ़ेर देखकर भड़के
शहर की सफाई व्यवस्था पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं आज जब मंत्री किशनपोल बाजार पहुंचे तो वहां पर भी कचरा गंदगी के ढ़ेर लगे हुए दिखाए दिए। इस पर मंत्री ने नगर निगम आयुक्त से सवाल किया कि मेरे दौरे में ही सफाई नहीं हो सकी तो कैसे शहर साफ करते हो। धारीवाल ने सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
धारीवाल ने बाजार में बनाई गई ग्रीन पट्टी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब बाजार में चलने की ही जगह नहीं है तो फिर इसकी क्या जरूरत है।

