Site iconSite icon AR Live News

देवस्थान मंत्री ने पहली बैठक में एक अधिकारी को किया निलंबित, दूसरे को नोटिस

udaipur devsthan minister meetingudaipur devsthan minister meeting

मंत्री ने कहा बड़े-बड़े ट्रस्टों की जांच होगी और गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्यवाही

उदयपुर,(ARLive news)। देवस्थान मंत्री विश्वेन्द्र सिंह ने सोमवार को विभाग के राज्य मुख्यालय पर प्रदेश के अधिकारियों की बैठक ली और समिति गठन कर बड़े-बड़े ट्रस्टों की जांच करने और गड़बड़ियां पायी जाने पर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इन बड़े ट्रस्टों में अनियमितताओं की शिकायत लम्बे समय से प्राप्त हो रही है। कैला देवी ट्रस्ट, मोती डूंगरी गणेश जी ट्रस्ट, सालासर बालाजी ट्रस्ट, मेहंदीपुर बालाजी ट्रस्टों में जीएसटी एवं निःशुल्क प्रसाद वितरण की व्यवस्था को लेकर अनियमितताओं की शिकायतें मिली है, इसके लिए समिति का गठन कर इन अनियमितताओं की जांच की जाएगी एवं अनियमितताएं मिलने पर नियमानुसार सख्त व कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

बैठक के दौरान मंत्री ने विभागीय अधिकारियों द्वारा काम में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए काम में कोई कोताही नहीं बरतने की हिदायत दी। लापरवाही की शिकायत पर बीकानेर के निरीक्षक भंवर सिंह शेखावत को तुरंत निलंबित कर दिया। वहीं सहायक आयुक्त महेन्द्र देवतवाल को नोटिस जारी किया गया।

मंदिरों की संख्या, उनके चढ़ावे व संपत्ति का रिकॉर्ड रखें

मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी सहायक आयुक्त अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले मंदिरों की संख्या, उनके चढ़ावे एवं अन्य आय व संपत्ति आदि का समुचित रिकॉर्ड संधारण करें एवं समयबद्ध निरीक्षण कर उन्हें अतिक्रमण मुक्त कराएंगे। भगवान के आभूषणों की सूची तैयार कर प्रत्येक छः माह में उनका मूल्यांकन भी करवाया जाएगा। मंदिरों की खाते की कृषि भूमि का रिकॉर्ड संधारण के लिए भी उन्होंने निर्देश दिए। इन पर अतिक्रमण की स्थिति में प्रत्येक सहायक आयुक्त अपने क्षेत्र की केस रिपोर्ट बनाकर भी प्रस्तुत करें।

अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग की राज्य के भीतर एवं राज्य से बाहर सभी परिसंपत्तियों की सुरक्षा को लेकर उचित कदम उठाएं। विभाग द्वारा विभिन्न एजेंसी के माध्यम से करवाए जा रहे कुल 63 कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी उन्होंने ली। जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं उनकी गुणवत्ता के बारे में जानकारी लेते हुए शिकायतों पर उचित कार्रवाई करने के निर्देश भी उन्होंने दिए। मंत्री ने 7 अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। आरएसआरडीसी, पुरातत्व, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जल संसाधन एवं देवस्थान विभाग द्वारा यह कार्य विभिन्न स्थानों पर करवाए जा रहे हैं।

धर्मशालाएं देंगे लीज पर

बैठक में बताया गया कि विभाग की 17 धर्मशालाओं को लीज पर दिया जाएगा जिससे उनका समुचित रखरखाव होगा, यात्रियों को उचित सुविधा मिलेगी एवं विभाग की आय में भी बढ़ोतरी होगी।

Exit mobile version