Site iconSite icon AR Live News

विशाल मेगा मार्ट के बाद आज “बिग बाजार” को निगम की फायर शाखा ने किया सीज

udaipur big bazar seizedudaipur big bazar seized

अब जब तक फायर सिस्टम पूरी तरह नहीं लग जाते, बिग बाजार रहेगा बंद

उदयपुर,(ARLive news)। सूरत में हुए अग्निकांड से सबक लेकर नगर निगम की अग्निशमन शाखा शहर में लगातार कार्यवाही कर रही है। विशालमेगा मार्ट की सीज कार्यवाही के अगले दिन शनिवार सुबह 8.30 बजे अग्निशमन शाखा की टीम सुखाड़िया सर्किल स्थित बिग बाजार के स्टोर पर पहुंच गयी। फायर सेफ्टी सिस्टम नहीं होने पर टीम ने बिग बाजार को सीज कर दिया और बताया कि बिग बाजार अब तभी खुलेगा जब यहां फायर सेफ्टी सिस्टम लग जाएगा।

नगर निगम के अग्निशमन शाखा के फायर ऑफिसर जलज घसिया ने बताया कि बिग बाजार को सीज करने की कार्यवाही से पहले तीन बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं। दो नोटिस को इन्होंने जवाब नहीं दिया, जनवरी में तीसरे नोटिस का जवाब दिया और सिर्फ यह बताया कि उनकी ओर से फायर एनओसी का आवेदन किया गया है। लेकिन जनवरी से अब तक हमारी टीम ने दो-तीन बार विजिट की, लेकिन बिग बाजार में फायर सिस्टम ठीक नहीं पाया गया। इस पर आज बिग बाजार को सीज किया गया है।

व्यवसाय तभी होगा जब फायर सेफ्टी सिस्टम पूरी तरह ठीक होगा

फायर ऑफिसर जलज ने बताया कि बिग बाजार के प्रतिनिधि ने हमारी अग्निशमन शाखा में संपर्क किया है। इन्हें बिग बाजार में अग्निशमन व्यवस्था करवाने के लिए निर्देशित किया है। जब ये व्यवस्था करवा लेंगे तब ही यहां व्यवसाय के लिए नगर निगम सीज खोलेगी। ये अग्निशमन व्यवस्था करने का काम करने के लिए जब कहेंगे, तब बिग बाजार को सिर्फ अग्निशमन व्यवस्था के काम के लिए खोला जाएगा, उस दौरान वहां कोई व्यवसाय नहीं होगा। जब अग्निशमन व्यवस्था हो जाएगी, उसके बाद सीज खोला जाएगा।

सीज की कार्यवाही में लगे चार घंटे

बिग बाजार को सीज करने पहुंची टीम ने बताया कि बिग बाजार में आइसक्रीम, चॉकलेट, सहित कई फूड आइटम भी रखे थे। इस कारण सीज की कार्यवाही में चार घंटे लग गए। सुबह 8.30 बजे शुरू हुई कार्यवाही दापेहर 12.30 तक पूरी हुई। पहले यह फूड आइटम बिग बाजार की टीम ने कहीं और ट्रांसफर किए, इसके बाद फायर ऑफिसर ने पूरे बिग बाजार स्टोर की लाइट्स बंद कर उसे सीज किया।

ज्यादा भीड़भाड़ वाले मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को किया चिह्नित

नगर निगम महापौर चन्द्र सिंह कोठारी ने बताया कि शहर में ज्यादा भीड़भाड़ वाले मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को चिह्नित कर उन्हें फायर सेफ्टी सिस्टम लगाने के लिए नोटिस जारी कर निर्देशित किया है। नोटिस के बाद भी जो फायर सेफ्टी सिस्टम लगाने में गंभीर नहीं है, उनके सीज की कार्यवाही की जा रही है। निगम की फायर सेफ्टी टीम ने शहर के चिह्नित 30 से 35 कोचिंग सेंटर को भी अग्निशमन यंत्र लगाने और लगे हुए को चेक करने के लिए निर्देशित किया है और वहां जाकर डेमो भी दिया है। टीम शहर में अलग-अलग प्रतिष्ठानों में जाकर फायर सेफ्टी सिस्टम को लगाने और इसके डेमो देकर जागरूक कर रही है।

Exit mobile version