Site iconSite icon AR Live News

मानसून आया : केरल तट पर दी दस्तक, मौसम विभाग ने किया ऐलान

तिरुवनंतपुरम,(ARLive news)। करीब एक हफ्ते की देरी के बाद आखिरकार शनिवार को मानसून ने केरल तट पर दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को इसका ऐलान किया। IMD के डायरेक्टर जनरल मृत्युंजय महापात्रा ने बताया, मानसून ने आज (8 जून) केरल में दस्तक दे दी है। केरल के तमाम इलाकों में अच्छी बारिश शुरू हो गई है। वैसे मानसून में देरी का सीजन में कुल हुई बारिश से कोई संबंध नहीं है। यह जरूरी नहीं कि मानसून के दस्तक देने में देरी से सीजन में बारिश भी कम होगी। केरल इस देरी की वजह से देश के दूसरे हिस्सों में भी मॉनसून देरी से पहुंचेगा।

मानसून का काफी बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था। देश का ज्यादातर हिस्सा सिंचाई के लिए बारिश पर निर्भर है। पश्चिम और दक्षिण भारत के ज्यादातर जलाशयों में पानी का स्तर काफी नीचे पहुंच चुका है। सिंचाई के वैकल्पिक साधन नहीं होने की वजह से ज्यादातर ग्रामीण भारत 4 महीने चलने वाले मानसून सीजन पर निर्भर है। मानसून सीजन में सालाना बारिश का 75 प्रतिशत पानी बरसता है।

भू-विज्ञान मंत्रालय के सचिव माधवन राजीवन ने भी ट्वीट कर केरल में मानसून के दस्तक देने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केरल में अगले 2 से 3 दिनों तक औसत से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है।

Exit mobile version